दिल्ली में ठिठुरनभरी ठंड का दौर जारी
नई दिल्ली, 23 जनवरीः राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लोगों को सूरज निकलने के बावजूद आज भी कपकंपाती ठंड का सामना करना पड़ा और यहां न्यूनतम तापमान गिरकर तीन डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया.
पिछले पांच दिनों से पारा गिरने से राजधानी सर्दी का कहर झेल रही है. न्यूनतम तापमान गिरकर तीन डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जो सामान्य से पांच डिग्री कम था. दृश्यता का स्तर 1500 मीटर दर्ज किया गया.
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर पश्चिम की ओर से चलने वाली ठंडी हवाओं के कारण पूरे उत्तर भारत में शीत लहर का प्रकोप जारी है. विभाग ने अगले 24 घंटे में यहां आसमान साफ रहने और न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना जताई है.
ठंड के मौसम में बारिश से बिहार में जनजीवन अस्त व्यस्त
बिहार की राजधानी पटना सहित राज्य के विभिन्न जिलों में बीती रात से हो रही बारिश से आम जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है. मौसम विभाग से प्राप्त सूचना के अनुसार बिहार और झारखंड के उपरी वायु क्षेत्र में कल से बन रहे चक्रवर्ती दबाव के कारण जाड़े के मौसम में यह बारिश हुई.
सूत्रों के अनुसार कल रात करीब दो बजे से शुरु हुयी यह बारिश अभी भी जारी है. इस दौरान पटना में 70.7 मीमी, गया में 22.0 मीमी, भागलपुर में 7.4 मीमी तथा पूर्णिया में 2.5 मीमी वर्षा रिकार्ड किये जाने की सूचना प्राप्त हुयी है.
राजधानी पटना में आज सुबह न्यूनतम तापमान 12.1, पूर्णिया में 11.8, भागलपुर में 14.0 तथा गया में 12.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया. मौसम पूर्वानुमान में बताया गया है कि आसमान में आशिंक रुप से बादल छाये रहेंगे तथा गरज के साथ छिटपुट वर्षा जारी रहेगी.


Click it and Unblock the Notifications