बेनजीर का अगला कातिल था किशोर
इस्लामाबाद 22 जनवरी: पाकिस्तान में सुरक्षा अधिकारियों के हत्थे चढे एक किशोर ने खुलासा किया है कि यदि गत वर्ष 27 दिसम्बर को भी पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो की हत्या का प्रयास असफल रह जाता तो हत्यारे मानव बम के रूप में अगली बारी उसी की थी और इसके लिए उसे दक्षिण वजीरिस्तान में विशेष रूप से प्रशिक्षित किया गया था.
पाकिस्तानी मीडिया में प्रकाशित खबर के अनुसार पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत (एनडब्ल्यूएफपी) के डेरा इस्लाइम खान से गत शुक्रवार को गिरफ्तार ऐतियाज शाह ने सुरक्षा अधिकारियों की पूछताछ के दौरान खुलासा किया कि श्रीमती भुट्टो पर किया गया हमला असफल होता तो बतौर मानव बम हत्या की अगली जिम्मेदारी उसी की थी.
ऐतियाज ने कबूल किया कि उसे इसके लिए दक्षिण वजीरिस्तान में मानव बम के रूप में प्रशिक्षित किया गया था. ऐतियाज को शेर जमन नामक आतंकवादी के साथ विस्फोटकों से भरी एक कार सहित गिरफ्तार किया था.
पूछताछ में यह बात सामने आई है कि दोनों की योजना मुहर्रम के दिन शियाओं के एक जुलूस पर हमला करने की थी. हालांकि ऐतियाज ने कथित रूप से स्वीकार किया है कि श्रीमती भुट्टो की हत्या के लिए दक्षिण वजीरिस्तान के लडाके बेतुल्लाह महसूद की ओर से भेजे गए पांच सदस्यीय दल में वह भी शामिल था.
लेकिन महसूद शिविर ने उस किशोर से किसी भी तरह का संबंध होने से इनकार किया है. उधर एआरवन वर्ल्ड टेलीविजन चैनल के अनुसार दोनों संदिग्धों ने पूछताछ कर रहे अधिकारियों को बताया है कि उनका अगला लक्ष्य कराची स्थित अमरीकी वाणिज्य दूतावास था.


Click it and Unblock the Notifications
