उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड
भोपाल 22 जनवरी: बर्फीली सर्द हवाओं से इस शीत ऋतु में पहली बार लगभग समूचा मध्यप्रदेश कड़ाके की ठंड गिरफ्त में आ गया है. राज्य के नौगांव में पारा एक डिग्री पर पहुंचने के साथ ही अन्य इलाकों में भी वह लुढ़ककर पांच डिग्री सेल्सियस तक आ गया है.
कश्मीर घाटी और हिमाचल प्रदेश में हुयी बर्फबारी के बाद उत्तर से आने वाली तेज सर्द हवाओं से मध्यप्रदेश में अचानक ठिठुरन काफी बढ़ गयी है. इससे जनजीवन खासा प्रभावित हुआ है.
तापमान में भारी गिरावट से राज्य के ज्यादातर हिस्से शीतलहर की चपेट में हैं. छतरपुर जिले के नौगांव के निवासी कंपकंपाने वाली सर्दी के मार झेल रहे हैं. हालांकि कुछ दिन पहले तापमान बढने से लोगों को सर्दी से राहत मिली थी लेकिन फिर पारे के 1.5 डिग्री सेल्सियस तक लुढक जाने से ठिठुरनभरी सर्दी का दौर शुरू हो गया.
विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खजुराहो भी बीती रात कडाके की ठंड की गिरफ्त में रहा. वहां न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस रहा. इसके अलावा टीकमगढ, नीमच, शाजापुर, रीवा, उज्जैन,श्योपुर कला, शाजापुर, रतलाम, ग्वालियर और रायसेन में बीती रात पारा चार से पांच डिग्री पर आ जाने से कडाके की ठंड रही.
मौसम केंद्र के निदेशक डा. डी पी दुबे ने बताया प्रदेश में सर्दी का असर आगामी एक दो दिनों तक जारी रहने की संभावना है कहीं कही पाला भी पड सकता है.


Click it and Unblock the Notifications
