स्टॉक मार्केट ने निवेशकों को दिया जोर का झटका
मुंबई 22 जनवरी: पिछले कुछ समय से ऊंचाइयों के कीर्तिमान बना रहे शेयर बाजार ने पिछले 6 दिन में ही निवेशकों को जमीन पर ला पटका. विशेषकर सोमवार का दिन सिर्फ एक दिन में सबसे बड़ी गिरावट के लिए भारत के शेयर बाजार में एक काले पन्ने की तरह दर्ज हो गया.
सोमवार को सेंसेक्स में दोपहर तक ही 2000 अंकों से भी कुछ अधिक की गिरावट आ चुकी थी. हालांकि उसके बाद कुछ हद तक संभलने की स्थिति बनी लेकिन बंद होने तक मात्र 600 अंकों की ही रिकवरी हो पाई. बंद होते समय तक सेंसेक्स 1408.35 अंक गिर कर 17605.35 पर पहुंच चुका था जोकि आज तक की सबसे बड़ी गिरावट है.
निफ्टी भी सोमवार को ही 496.5 अंक गिरकर 5208.8 पर बंद हुआ. बिकवाली का आलम यह रहा कि इस एक दिन में ही विदेशी संस्थागत निवेशकों ने ही 3300 करोड़ रुपये के शेयरों की बिकवाली की.
ज्ञातव्य है कि पिछले 6 दिनों से लगातार गिर रहे शेयर बाजार ने निवेशकों को 300 अरब डालर यानि लगभग 11 लाख 85 हजार 285 करोड़ रुपये का जबरदस्त घाटा पहुंचाया है. इसमें सोमवार के दिन ही लगभग 6 लाख करोड़ का नुकसान शामिल है.


Click it and Unblock the Notifications
