वार्ता के लिए लिट्टे को आमंत्रित कर सकता है श्रीलंका
कोलंबो 12 जनवरी: देश में 25 साल पुराने जातीय टकराव को हल करने के अपने प्रयास के एक हिस्से के रूप में श्रीलंका सरकार संभवत: लिट्टे को सीधी वार्ता के लिए आमंत्रित कर सकती है.
श्रीलंकाई राष्ट्रपति के सलाहकार एवं सांसद बासिल राजपक्षे ने कहा एक बार जब नए प्रस्ताव तैयार हो जाते हैं और देश के तमाम लोकतांत्रिक प्रतिष्ठानों से स्वीकार कर लिया जाता है उन्हें जनमत संग्रह में अनुमोदित करना होगा.
श्रीलंकाई दैनिक डेली मिरर के अनुसार राजपक्षे ने कहा उनके अनुमोदित किए जाने के बाद सरकार प्रस्ताव के आधार पर लिट्टे को सीधी वार्ता के लिए आमंत्रित करेगी.
वहीं श्रीलंकाई वायुसेना के जेट विमानों ने कल उत्तर श्रीलंका में लिट्टे नियंत्रित इलाके में एक विद्रोही ठिकाने पर बमबारी की जबकि उत्तरी इलाके में ही तमिल विद्रोहियों और सुरक्षा बलों के बीच जमीनी झड़पों में कम से कम 20 विद्रोही मारे गए.
रक्षा मंत्रालय ने यहां जारी एक बयान में कहा श्रीलंकाई वायुसेना के युद्धक जेट विमानों ने कल आलमपिली और मुलैथिवू इलाके में स्थित लिट्टे के नौसेना अड्डे पर बम बरसाए.
वायुसेना सूत्रों ने बताया कि श्रीलंकाई वायुसेना के सुपरसोनिक युद्धक जेट विमानों ने उड़ानें भरी. उधर मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि विमान चालकों ने इस बात की पुष्टि की है कि इस बमबारी से लक्ष्य तबाह हुआ है.
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उत्तर पश्चिम मन्नार में उइलानकुलम के उत्तर के गैर मुक्त इलाकों में सेना ने अग्रगति की. इस क्रम में हुई लिट्टे विद्रोहियों के साथ जमीनी झड़पें हुई जिनमें कम से कम 13 लिट्टे विद्रोही मारे गए.


Click it and Unblock the Notifications
