संप्रग दलों से विमर्श के बाद ही निर्णय: माकन
धनबाद 12 जनवरी: झारखंड में प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी और केन्द्रीय राज्यमंत्री अजय माकन ने आज कहा कि मधुकोडा सरकार से समर्थन वापस लेने से पहले उनकी पार्टी संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) दलों से बातचीत करेगी उसके बाद ही कोई निर्णय लेगें.
श्री माकन ने यहां विकास संकल्प रैली को संबोधित करने के कुछ ही देर बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उनकी पार्टी गठबंधनधर्म का पालन करते संप्रग के प्रमुख घटक दलों में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के शीर्ष नेताओं से मधुकोडा सरकार की समर्थन के मुद्दों पर वार्ता करेगी. उन्होने कहा कि शीर्ष नेताओं से वार्ता करने के बाद ही वह कोई ठोस निर्णय लेगी.
उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने मुख्यमंत्री मधुकोडा से गत 15 नवम्बर को मिलकर उनहें 19 सूत्री मांगपत्र दिया था. उन्होंने कहा कि उस मांगपत्र में मुख्यमंत्री से आग्रह किया गया था कि वह 60 दिनों के अंदर राज्य में विकास कार्यो में तेजी लाये अन्यथा कांग्रेस सरकार से समर्थन वापस ले लेगी.
उन्होंने कहा कि सरकार के कामकाजों के मूल्यांकन करने के लिये वह आज एक प्रश्नावली तैयार करके पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को सौंप रहे हैं. उन्होंने कहा कि यह प्रश्नावली भरकर 15 जनवरी तक उनके पास निश्चित रुप से पहुंच जानी चाहिये.


Click it and Unblock the Notifications
