रतन टाटा की टिप्पणी पर एतराज
कोलकाता, 11 जनवरीः पश्चिम बंगाल के प्रमुख विपक्षी दल तृणमूल कांग्रेस ने उद्योगपति रतन टाटा की इस टिप्पणी पर सख्त एतराज जताया है कि वह अपनी नयी कार "टाटा नैनो" का नाम "बुद्धा कार", "ममता कार" या ममता के बावजूद कार रखना चाहते थे.
टाटा समूह के अध्यक्ष रतन टाटा ने राजधानी दिल्ली में आयोजित नौवें आटो एक्सपो के मौके पर अपनी बहुप्रतिक्षित एक लाख रुपये की कीमत वाली नयी गाड़ी "टाटा नैनो" के उतारने के मौके पर संवाददाताओं से चुटकी लेते हुए यह यह टिप्पणी की थी. हालांकि बाद में उन्होंने सफाई दी कि यह मजाक था.
तृणमूल नेता पार्थ चटर्जी ने टाटा की इस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये संवाददाताओं से कहा कि हमें रतन टाटा की इस टिप्पणी पर सख्त एतराज है और हम इस बारे में उनका स्पष्टीकरण चाहते हैं. टाटा को पश्चिम बंगाल के लोगों को अपमानित करने का कोई अधिकार नहीं है.
चटर्जी ने कहा कि राज्य की वाममोर्चा सरकार और उसके सिरमौर मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य द्वारा सिंगुर में किसानों की जमीन जबरन हथिया कर उसे टाटा के कारखाने को देने की जो योजना बनायी है वह कभी पूरी नहीं होगी और टाटा को अपना बोरिया बिस्तर समेट कर जाना होगा.
एक ओर आटो एक्स्पो में जहां टाटा की गाड़ी उतारी गयी वहीं दूसरी ओर सिंगुर में इसे लेकर स्थानीय किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया और गाड़ी का पुतला जलाकर अपनी नाराजगी जाहिर की.


Click it and Unblock the Notifications
