राष्ट्रपति उप राष्ट्रपति का वेतन दोगुना हुआ
नई दिल्ली, 11 जनवरीः राष्ट्रपति और उप राष्ट्रपति के वेतन अब दोगुने हो जाएंगे. केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने पिछले साल एक जनवरी से उनके वेतन में बढ़ोतरी के प्रस्ताव को आज मंजूरी दे दी.
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अध्यक्षता में हुई केन्द्रीय मंत्रिमंडल की बैठक के बाद सूचना प्रसारण मंत्री प्रियरंजन दासमुंशी ने यहां संवाददाताओं को बताया कि अब राष्ट्रपति को 50 हजार रूपये की जगह एक लाख रूपये वेतन मिलेगा.
उन्होंने बताया कि इसी तरह उप राष्ट्रपति को 40 हजार रूपये की बजाय 85 हजार रूपये वेतन मिलेगा. दासमुंशी ने बताया कि राज्यों के राज्यपालों का वेतन भी संशोधित किया गया है. राज्यपालों को अब 36 हजार रूपये की बजाय 75 हजार रूपये मासिक वेतन मिलेगा.
उन्होंने बताया कि सांसदों को अब 68 हजार रूपये वेतन मिल रहा है जबकि राज्यसभा के सभापति जो भारत का उप राष्ट्रपति होता है को उनसे कम वेतन मिलता है. इसी वजह से राष्ट्रपति उप राष्ट्रपति और राज्यपालों का वेतन बढ़ाना अनिवार्य हो गया था.
पूर्व राष्ट्रपतियों की पेंशन और भत्तों में भी संशोधन कर इसे दोगुना कर छह लाख रूपये सालाना किया गया है. पूर्व राष्ट्रपतियों और उप राष्ट्रपतियों की पत्नियों को भी और अधिक सुविधाएं मुहैया करायी जा रही हैं.
दासमुंशी ने बताया कि वेतन बढ़ोतरी का फैसला पिछले साल ही कर लिया गया था लेकिन राष्ट्रपति और उप राष्ट्रपति पदों के लिए चुनाव होने के कारण इस फैसले का कार्यान्वयन टाल दिया गया था.


Click it and Unblock the Notifications
