भारत मोटर वाहन उद्योग का प्रमुख केंद्र: कमलनाथ
नई दिल्ली 11 जनवरी: वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री कमलनाथ ने कल कहा कि भारत इंजीनियरिंग प्रतिभा लागत की भारी कमी और उत्पादन प्रक्रिया की हर कड़ी में महारत के बल बूते मोटर वाहन उद्योग का प्रमुख केंद्र बन गया है और दुनिया भर की कंपनियां भारत से वाहनों के कल पुर्जे तैयार करा रही हैं.
श्री कमलनाथ ने कल यहां प्रगति मैदान में नौवें मोटर वाहन मेले का उद्घाटन करते हुए कहा कि इस साल वाहनों के कल पुजो का निर्यात तीन अरब डालर के करीब होने जा रहा है अगले वित्तीय वर्ष में यह दो गुना हो सकता है.
वाणिज्य मंत्री ने दावा किया कि भारत में वाहनों का कल पुर्जा उद्योग उत्पादन में सुधार और प्रतिस्पर्धा में आगे निकलने की बडी क्षमता का परिचय दे रहा है और उत्पादन के विश्वस्तरीय मानकों की बराबरी करने लगा है. भारत में और बड़ी वाहन कंपनियों के आने से कल पुर्जा उद्योग का स्तर और सुधरेगा.
उद्घाटन समारोह में भारी उद्योग मंत्री संतोष मोहन देव और वाहन उद्योग से जुडी तमाम बडी हस्तियां उपस्थित थी. श्री कमलनाथ ने कहा कि वाहन उद्योग तरक्की तो कर रहा है पर इसे आने वाले समय में वैकल्पिक ईंधन, पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और ऐसे विषयों के प्रति अधिक ध्यान देना होगा.
श्री कमलनाथ ने आज बाजार में उतारी गयी प्रतीक्षित लखटकिया टाटा नैनो की सराहना करते हुए कहा कि यह भारतीय प्रौद्योगिकी प्रतिभा और उद्यमशीलता का प्रतीक है
उन्होंने कहा कि यह भारत के लिए गर्व का क्षण है. इससे भारत की प्रौद्योगिकी प्रतिभा और उद्यमिता की क्षमता का प्रदर्शन हुआ हैं. इस कार से लोगों को दुपहिया वाहनो से चार पहिया वाहन पर जाने में मदद मिलेगी. उन्होंने कहा कि दुपहिया वाहन कंपनियों को इस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए. क्योंकि लोग अब दुपहिया लेने की बजाय यह कार खरीदने की सोंचेगे.


Click it and Unblock the Notifications
