चुनाव में भाग लेगी पीपीपी
लरकाना 31 दिसंबर: पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी ने अपनी नेता मरहूम बेनजीर भुट्टो की हत्या की सदमें के बीच आज एक महत्वपूर्ण राजनीतिक फ्सैले की घोषणा करते हुये कहा कि पार्टी देश के आगामी आठ जनवरी को होने वाले आम चुनाव में हिस्सा लेगी.
सुश्री भुट्टो के पुत्र बिलावल भुट्टो जरदारी ने एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि मेरी मां कहा करती थी बदला लेने का सबसे अच्छा तरीका जम्हूरियत है. इसी प्रेस कांफ्रेंस में सुश्री भुट्टो के पति आसिफ अली जरदारी ने कहा कि हमारी पार्टी मरहूम नेता की वसीयत में यह हिदायत दी गई थी कि यदि उनके साथ कोई हादसा होता है तो भी पार्टी को इन्तखाब में हिस्सा लेना चाहिये. उनकी ख्वाहिश के मुताबिक हम चुनाव में भाग लेंगे.
श्री जरदारी ने कहा कि हमारी लड़ाई पाकिस्तान की सेना से नहीं है. हम सेना और अवाम को लड़ाने में यकीन नहीं करते हैं. हमारी लडाई मौजूदा हुक्मरानों से है.
वहीं पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) ने आज बेनजीर की हत्या के मामले में किसी भी सरकारी जांच को खारिज करते हुए मामले की जांच संयुक्त राष्ट्र से कराए जाने की मांग की. पीपीपी के सह अध्यक्ष आसिफ अली जरदारी ने यहां संवाददाताओं को बताया कि हम उनके पाकिस्तान सरकार के आयोगों न्यायाधीशों और पुलिस को खारिज करते हैं. हम चाहते हैं कि बेनजीर की हत्या के मामले में एक अंतरराष्ट्रीय दल जांच करे.
पीपीपी के केंद्रीय कार्यकारी समिति की बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हम संयुक्त राष्ट्र और ब्रिटिश सरकार से लिखित में अनुरोध करेंगे कि वह बेनजीर भुट्टो की शहादत के मामले में अंतरराष्ट्रीय जांच का आदेश दें.


Click it and Unblock the Notifications