ओसामा का अगला निशाना इजराइल
दुबई 31 दिसंबर: एक ऑडियो संदेश में कुख्यात आतंकवादी संगठन अलकायदा के सरगना ओसामा बिन लादेन ने कहा है कि उसके संगठन का अगला निशाना अब इजराइल होगा.
इन्टरनेट पर जारी अपने इस ताजा संदेश में उसने इराक के सुन्नी मुस्लिमों से अपील की है कि वे उसके संगठन के विरुद्ध संघर्ष न करें.
उसने अमेरिका पर यह आरोप लगाया है कि वह इराक में संघीय सरकार की स्थापना पर इसलिए जोर दे रहा है ताकि उसकी मदद से वह इस क्षेत्र में अपना दबदबा कायम कर सके तथा इराक के तेल भण्डारों पर कब्जा कर सके.
56 मिनट के इस संदेश में उसने ईरान द्वारा समर्थन प्राप्त हिजबुल्ला लड़ाकों की भी इसलिए आलोचना की कि उन्होंने दक्षिणी लेबनान में अमेरिकी सैनिक तैनात किए जाने को स्वीकार कर लिया, तथा उसने यह भी कहा कि संयुक्त राष्ट्र ने यह कदम सिर्फ यहूदियों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए उठाया है.
उसने इजराइल से अपनी घृणा को जाहिर करते हुए इस संदेश में कहा कि उसका संगठन इजराइल को कभी मान्यता नहीं दे सकता तथा इस्लामी आतंकवादी अपने अगले कदम में इजराइल पर आक्रमण करके फिलिस्तीन को मुक्ति प्रदान करेंगे.
वहीं उसके इस संदेश को गंभीरता से लेते हुए अमेरिका की एक सांसद ने इस बात पर जोर दिया है कि अफगानिस्तान के साथ साथ पाकिस्तान में भी अमेरिकी सैनिकों की संख्या बढ़ाई जाए.
न्यूयार्क की सांसद किर्स्टन गिलीब्रेंड ने कहा है कि मध्यपूर्व में हालात बेहतर करने तथा आतंकवाद के सही समाधान के लिए राष्ट्रपति जार्ज बुश को अपनी नीतियों में बदलाव लाकर पाकिस्तान तथा अफगानिस्तान में आतंकवादियों के बढ़ते दबाव को कम करने के लिए ईराक में तैनात अमेरिकी सैनिकों को कम करके इन देशों में अधिक संख्या में अमेरिकी सैनिकों की तैनाती करनी चाहिए तथा ओसामा बिन लादेन के इस संदेश को गंभीरता से लेते हुए आतंकवाद के खात्मे के लिए किये जा रहे प्रयासों को और गति प्रदान करनी चाहिए.


Click it and Unblock the Notifications