पश्चिमोत्तर भारत में शीतलहर जारी, 3 और मृत
नई दिल्ली 31 दिसंबर: पश्चिमोत्तर में जारी शीतलहर के कारण तापमान में लगातार गिरावट जारी है. इस बीच ठंड से उत्तर प्रदेश में तीन और लोगों की मौत होने के साथ ही देश में इस मौसम में अब तक 85 व्यक्तियों की मौत हो चुकी है.
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हालांकि न्यूनतम तापमान में कुछ सुधार हुआ है और तापमान कल के 3.9 डिग्री से बढकर 4.3 डिग्री पर पहुंच गया.
इस दौरान दक्षिण-पश्चिम तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में शीतलहर चल रही है और पिछले 24 घंटों में तीन और व्यक्तियों की मृत्यु के साथ ही राज्य में मौजूदा मौसम में ठंड से मरने वालों की संख्या बढकर 62 हो गई है. कडाके की सर्दी एवं कुहासे की वजह से राज्य में रेल और सडक यातायात बुरी तरह प्रभावित है. पिछले 24 घंटों में मिर्जापुर से दो और कौशाम्बी से एक व्यक्ति ठंड से मरने की सूचना है.
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में आगरा राज्य का सर्वाधिक ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से पांच डिग्री कम था. इस दौरान राजधानी लखनऊ में न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री कम था. इस अवधि में राज्य के आगरा, मेरठ, वाराणसी, फैजाबाद और बरेली मंडलों में सामान्य से काफी कम तापमान दर्ज किया गया.
रेलवे सूत्रों ने आज यहां बताया कि सर्दी और सुबह-शाम पड़ रहे घने कोहरे की वजह से यहां चारबाग स्टेशन से गुजरने वाली शहीद एक्सप्रेस ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस, पंजाब मेल और राप्ती सागर एक्सप्रेस समेत लंबी दूरी की कई ट्रेनें एक से 15 घंटों विलंब से चल रही हैं. ठंड एवं कुहासे से सडक यातायात पर भी असर पडा है. मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में आसमान कल भी साफ रहेगा. अगले 48 घंटों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सुबह पाला पड़ने का अनुमान है.


Click it and Unblock the Notifications