वीरभद्र सिंह ने हार स्वीकारी
शिमला, 29 दिसम्बरः हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने राज्य विधानसभा चुनावों में पार्टी की हार स्वीकार करते हुए आज कहा कि वह नतीजों से निराश है लेकिन हतोत्साहित नहीं.
सिंह ने कहा कि पार्टी चुनावों में हार के कारणों का विश्लेषण करेगी और इन्हें दूर करने के उपाय करेगी. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पार्टी इस झटके से और मजबूत होगी तथा आगे की चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना कर सकेगी.
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और इसके मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार प्रेम कुमार धूमल को चुनावों में जीत पर बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधानसभा और इसके बाहर एक जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका का निर्वाह करेगी.
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा सरकार राज्य में विकास की गति और तेज करेगी जिसकी मजबूत बुनियाद कांग्रेस ने रख दी है.
इससे पहले मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में यहां हुई मंत्रिमंडल की बैठक में राज्य विधानसभा को भंग करने की सिफारिश की गई.


Click it and Unblock the Notifications