चन्द्रशेखर के पुत्र नीरज शेखर बेवफा: मायावती
बलिया 27 दिसम्बर: उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री एवं बसपा अध्यक्ष मायावती ने बलिया लोकसभा उपचुनाव में सपा प्रत्याशी नीरज शेखर को पूर्व प्रधानमंत्री चन्द्रशेखर का बेवफा पुत्र करार देते हुए सपा पर तीखे हमले किये.
पुलिस लाइन प्रांगण में आज उमड़े जन सैलाब से उत्साहित मायावती ने नीरज शेखर पर प्रहार करते हुए कहा कि नीरज ने सपा के बजाय अपने पिता की पार्टी समाजवादी जनता पार्टी से चुनाव लड़ा होता तो बसपा अपना उम्मीदवार नही उतारकर नीरज का सहयोग करती.
उन्होंने नीरज शेखर पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जो अपने पिता का वफादार व सगा नही हो सका वह बलिया का वफादार कैसे हो सकता है.
उन्होंने बसपा प्रत्याशी विनय शंकर तिवारी को बाहरी उम्मीदवार बताये जाने पर सफाई देते हुए कहा कि विनय बलिया के पडोसी गोरखपुर जिले के ही निवासी हैं. उनके सगे संबंधी बलिया मे भरे पडे हैं. विनय को बाहरी कहना ठीक नहीं है. मायावती ने नीरज को बाहरी करार देते हुए कहा कि हमेशा दिल्ली में रहने वाले नीरज का बलिया से कोई लगाव नही रहा. चुनावी सभा को काबिना मंत्री सतीश चन्द्र मिश्र व नसीमुददीन सिद्दिकी ने भी संबोधित किया.


Click it and Unblock the Notifications