राखी ने लगाए स्टार प्लस पर धोखाधड़ी के आरोप
मुंबई 26 दिसंबर: रिएलटी शो नच बलिए 3 के फाइनल में हारने के बाद आइटम गर्ल राखी सावंत ने आज टीवी चैनल स्टार प्लस पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कराया है.
राखी सावंत और उसके साथी डांसर अभिषेक अवस्थी इस कार्यक्रम के फाइनल राउंड में टीवी कलाकार संजीदा शेख और अमीर अली से हार गये थे. ओशीवारा पुलिस स्टेशन में लिखायी गयी शिकायत में उसने आरोप लगाया है कि उसे जानबूझकर हराया गया.
इस शो के विजेता का चयन एसएमएस वोटिंग के जरिये किया गया है.
यहां एक प्रेस कांफ्रेंस में राखी ने आरोप लगाया कि वोटिंग में हेराफरी की गयी और उनके पक्ष में आने वाले एसएमएस को रोक दिया गया.
गौरतलब है कि आमीर और संजीदा स्टार प्लस पर प्रसारित हो रहे एक सीरियल में अभिनय कर रहे हैं.
राखी ने अपने प्रतिद्वंदियों को चुनौती देते हुए कहाः मैं और अभिषेक 31 दिसंबर की रात को प्रस्तुति देंगे. वहां आने वाले लोग राखी और अभिषेक की वास्तविक काबिलियत को जान जायेंगे.


Click it and Unblock the Notifications