बॉक्सिंग-डेः गिलक्रिस्ट पहनेंगे गुलाबी दस्ताने
मेलबर्न 26 दिसंबर: यूं तो सारे विश्व में इस समय क्रिसमस की तैयारियाँ जोर-शोर से चल रही हैं, लेकिन कुछ देशों में इसके ठीक अगले दिन यानि 26 दिसंबर को 'बॉक्सिंग-डे' भी उतने ही उल्लास और उत्साह से मनाया जाता है. मुख्यत: बॉक्सिंग-डे ब्रिटेन, कनाडा, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया तथा कुछ अन्य राष्ट्रमंडल देशों में भी इसे प्रमुखता दी जाती है.
पिछले साल 'बाक्सिंग डे' पर आस्ट्रेलिया के मैथ्यू हैडन और एंड्रयू साइमंडस ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में गुलाबी बैटिंग ग्रीप इस्तेमाल में लाया था. इस बार गिलक्रिस्ट गुलाबी रंग के दस्ताने 'मेक्ग्राथ फाउंडेशन' के समर्थन में पहन रहे हैं. गिलक्रिस्ट के इस कदम से ग्लेन मैक्ग्रा और उनकी पत्नी जेन द्वारा स्थापित इस फाउंडेशन को बहुत फायदा पहुंचेगा.
गिलक्रिस्ट के एक प्रायोजक ने दावा किया कि विकेट के पीछे की सफलता पर फाउंडेशन को सहायतार्थ 18 हजार डालर दिए जाएंगें. गिलक्रिस्ट ने 92 टेस्ट मैचों में 391 विकेट लेने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. वह पूर्व विकेटकीपर इयान हिली के रिकार्ड की बराबरी करने से मात्र चार विकेट दूर हैं. इस लक्ष्य को पार करने के बाद मैक्ग्रा फाउंडेशन को 90 हजार डालर मिलेंगे.
उल्लेखनीय है कि यह पर्व सेंट स्टीफन की याद में मनाया जाता है और तथा इसका प्रारंभ विक्टोरियन काल के ब्रिटेन में हुआ, जब क्रिसमस के अगले दिन धनवान व्यक्ति बड़े-बड़े डिब्बों (बॉक्स) में उपहार भर कर गरीबों तथा अपने नौकरों में वितरित किया करते थे, जिन्हें क्रिसमस के स्थान पर बॉक्सिंग-डे के दिन ही अवकाश दिया जाता था. इसके अतिरिक्त बच्चों को क्रिसमस के दिन मिले उपहारों के डिब्बे भी वे अगले दिन ही खोला करते थे, अत: इसे बॉक्सिंग-डे का नाम दिया गया.
ऑस्ट्रेलिया में बॉक्सिंग-डे को खेल दिवस के रूप में भी मनाया जाता है और सन 1950 से मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर प्रतिवर्ष इस दिन बॉक्सिंग-डे टेस्ट खेला जाता है. भारत ने अपना पहला बॉक्सिंग-डे टेस्ट 1985 में खेला, यह मैच वर्षा के कारण अनिश्चित रहा. इसके बाद सन 1991, 1999 तथा 2003 में भी भारत ने ऑस्ट्रेलिया के विरुद्व यहां आकर बॉक्सिंग-डे टेस्ट खेला परंतु तीनों ही मैचों में ऑस्ट्रेलिया विजयी रहा.


Click it and Unblock the Notifications