समुद्र से निकाला जाएगा 800 वर्ष पुराना चीनी जहाज
नई दिल्ली 22 दिसंबर: दक्षिणी चीनी समुद्र की तह में डूबे चीनी मिट्टी की कलाकृतियों से भरे एक प्राचीन जहाज को बाहर निकालने के लिए किए गए चीन के एक दल के प्रयास अब अपना रंग दिखाने को तैयार हैं.
अभियान दल के प्रमुख वू जियानचेंग ने कहा कि यदि मौसम साथ देता है तो 800 वर्षों से समुद्र में डूबे इस जहाज को शीघ्र ही बाहर की दुनिया नसीब हो जाएगी. वू के अनुसार अभियान 10 बजे सुबह प्रारंभ होगा तथा दो घंटे में ही जहाज को बाहर निकाल लिया जाएगा.
यह जहाज प्रारंभिक दक्षिणी सांग वंश (1127-1279) के काल का है तथा 30.4 मीटर लंबा तथा 9.8 मीटर चौड़ा है. इसका नाम नन्हाई नं. 1 रखा गया था, जिसका वास्तविक अर्थ होता है 'दक्षिण चीनी समुद्र नं. 1'.
वू ने कहा कि नन्हाई नं. 1 दक्षिणी चीन के बंदरगाह से विदेशी राष्ट्रों से व्यापार करने के लिए चला था तथा संभावित रूप से समुद्री लहरों के कारण डूब गया, और जल्दी ही समुद्री गाद की अनेक परतों के नीचे दफन हो गया. ऐसा अनुमान लगाया जाता है कि इस जहाज पर चीनी मिट्टी से बनी लगभग 60,000 से 80,000 कलाकृतियाँ थीं.
उन बहुमूल्य कलाकृतियों के संरक्षण तथा इस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जाँच के उद्देश्य से पुरातत्व विशेषज्ञों ने इस वर्ष मई में एक अभूतपूर्व अभियान प्रारंभ किया था, जोकि अब सफल होने के करीब है.