दिल्ली की झुग्गियों के लिए अमेरिकी पंजाबियों ने किया दान

यूबा सिटी 19 दिसंबर: अमेरिका के पहले पंजाबी गाँव कहे जाने वाले 'यूबा सिटी' गाँव के पंजाबी समुदाय ने नई दिल्ली के झुग्गी-झोपड़ी निवासियों के लिए लगभग 68,000 अमेरिकी डालर की राशि इकट्ठा की है. उत्तरी कैलिफोर्निया में बसे यूबा सिटी में लगभग 100 वर्ष पहले अमेरिका जा बसे सिख कृषकों की काफी बड़ी संख्या निवास करती है.
इन निवासियों में दीदार सिंह बैंस भी शामिल हैं, जोकि विश्व भर में आड़ू की सर्वाधिक पैदावार करने के लिए सुविख्यात हैं. इस नगर के पंजाबी समुदाय ने नगर में आयोजित एक कार्यक्रम में दिल्ली के झुग्गी-झोंपड़ी इलाकों के कल्याण के लिए कार्य कर रही संस्था स्वयंसेवी 'आशा' को यह धनराशि प्रदान की.
'आशा' की प्रमुख किरन मार्टिन ने उपस्थित विशाल जनसमूह के समक्ष संस्था के क्रियाकलापों की एक झलक प्रस्तुत की. इस जनसमूह में स्थानीय कांग्रेस प्रतिनिध वैली हर्गर, मेयर रोरी रामिरेज, पार्षद कश्मीर सिंह गिल व तेजिंदर सिंह मान, सुपरवाइजर जिम व्हिटेकर तथा शेरिफ जिम डेनी शामिल थे.
किरन ने बताया कि उनकी संस्था अभी तक 3,00,000 से भी अधिक लोगों का जीवन में परिवर्तन ला चुकी है तथा अपने कार्यों में सतत् संलग्न है. उल्लेखनीय है कि उन्हें उनके सद्कार्यों के लिए भारत सरकार द्वारा पद्मश्री की उपाधि से विभूषित किया जा चुका है.


Click it and Unblock the Notifications