जगदीश खट्टर मारुति में 15 वर्ष की सेवा के बाद रिटायर हुए
नयी दिल्ली 19 दिसम्बर: देश की अग्रणी यात्री कार कंपनी माति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक जगदीश खट्टर कंपनी में 15 वर्ष की सेवा के उपरांत आज सेवानिवृत्त हो गए. श्री खट्टर की जगह कंपनी ने शिन्जो नाकानिशी को यह जिम्मेदारी सौंपी है.
भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी श्री खट्टर 1993 में सरकारी नौकरी छोड़कर मारुति उद्योग लिमिटेड के साथ जुडे. इस दौरान वह 1993 से 1998 तक कंपनी के विपणन और बिक्री विभाग के निदेशक रहने के बाद 1998-1999 में संयुक्त प्रबंध निदेशक बने. वर्ष 1999 में उन्होंने मारुति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और प्रबंध निदेशक का कार्यभार संभाला और सेवानिवृत्त होने तक इसी पद पर बने रहे.
श्री खट्टर के कार्यकाल में मारुति ने नयी बुलंदियों को छुआ. उनकी कुशलता की बदौलत ही वर्ष 2000-01 में छह करोड़ डालर का घाटा उठाने वाली मारुति 2005..06 में 26 करोड डालर का मुनाफा कमाने में सफल हुई.
अपने कार्यकाल के दौरान श्री खट्टर ने भारतीय कार बाजार में कंपनी के आधे से अधिक हिस्से को बरकरार रखने के लिए हर संभव कदम उठाये और इसकी का परिणाम रहा कि देश के कार बाजार में विश्व की 12 कंपनियों के प्रवेश के बावजूद उसके बाजार हिस्से को कोई हिला नहीं पाया.
भारतीय प्रशासनिक सेवा के दौरान श्री खट्टर उत्तराखंड के चमोली जिले के मजिस्ट्रेट, लंदन में भारतीय चाय बोर्ड के निदेशक, उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग के सचिव और केन्द्र में इस्पात मंत्रालय में सचिव रहे.


Click it and Unblock the Notifications