खुदरा कारोबार में छोटों को बचाकर ही बड़ों को प्रवेश: सहाय
नयी दिल्ली 18 दिसम्बर: खाद्य प्रसंस्करण राज्यमंत्री सुबोधकांत सहाय ने कल कहा कि देश के खुदरा बाजार को विदेशी कंपनियों के लिये खोला जा सकता है पर इसके लिये यह सुनिश्चित हो जाना चाहिये कि इससे किराना व्यवसायियों की रोजी रोटी नहीं छिनेगी.
श्री सहाय आज यहां फिक्की द्वारा आपूर्ति श्रृंखला पर आयोजित एक प्रदर्शनी और संगोष्ठी का उद्घाटन कर रहे थे.श्री सहाय ने कहा कि भारत में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग के विकास के लिये खुदरा क्षेत्र में बड़े व्यवसायियों को प्रवेश का अपना विशिष्ट माडल होना चाहिये जिसमें किरानावालों का भी वजूद बना रहे.
उन्होंने कहा कि भारत 330 लाख अरब डालर का अपना खुदरा बाजार खोल सकता है, पर यह यकीन हो जाना चाहिये कि इससे किराना क्षेत्र प्रभावित नहीं होगा.श्री सहाय ने कहा कि औद्योगिक नीति एवं संवर्धन विभाग खुदरा क्षेत्र पर प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के प्रभाव का अध्ययन कर रहा है और रिपोर्ट मार्च 08 तक मिल जायेगी.
उन्होंने खाद्य प्रसंस्करण उद्योग के विकास में बड़ी खुदरा कंपनियां तथा अच्छी आपूर्ति श्रृंखला के महत्व को स्वीकार करते हुये कहा कि इस प्रकार की व्यवस्था से खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र की वृद्धि दर 13 प्रतिशत वार्षिक से बढ़कर 20 प्रतिशत तक जा सकती है.
श्री सहाय ने बताया कि सरकार 11वीं योजना 2007-12 में शीतित परिवहन प्रणाली के विकास के लिये एक नयी व्यापक नीति लागू करेगी.


Click it and Unblock the Notifications