पाक हवाई अड्डे पर राकेट हमला
इस्लामाबाद 9 दिसंबर: पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत में पेशावर हवाई अड्डे से लगे पाकिस्तानी वायुसेना के सेना के अड्डे पर आज तड़के चार राकेटों से हमले से सुरक्षाबलों में हडकंप मच गया. इस हमले में एक व्यक्ति घायल हो गया.
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मध्य रात्रि के कुछ घंटे बाद हुए हमले में पहला राकेट वायुसेना के डोमेस्टिक कैम्प में गिरा, दूसरा कैंटीन में तथा दो अन्य राकेट बेस कैम्प की खाली जगह पर गिरा.पुलिस ने बताया कि राकेट हमलों से वायुसैनिक अड्डे की एक दीवार क्षतिग्रस्त हुई है तथा एक व्यक्ति घायल भी हुआ है.
पाकिस्तानी वायुसेना के अड्डे पर हमले की खबर मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया. गौरतलब है कि वायुसैनिक अड्डे के जिस हिस्से पर राकेट हमला हुआ है वह घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों के लिए भी इस्तेमाल होता है.
सुरक्षाबलों में यात्री विमानों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गयीं हैं. अभी तक किसी ने भी हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है और न ही पुलिस हमलावरों के बारे में कुछ पता लगा पायी है. हालांकि पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के विरूद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.


Click it and Unblock the Notifications
