सूडान में ब्रिटिश शिक्षिका को जेल
लंदन, 30 नवम्बरः सूडान में एक ब्रिटिश शिक्षिका द्वारा अपने (टैडीवियर) खिलौने का नाम मुसलमानों के पैंगम्बर हजरत मोहम्मद साहब के नाम पर रखने से नाराज सूडानी सरकार ने शिक्षिका को 15 दिनों के लिए जेल भेज दिया है.
ब्रिटेन के डेली मेल अखबार के मुताबिक 54 वर्षीय शिक्षिका गिलियन गिबन्स को इस सिलसिले में राजधानी खारतूम में गत मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया था. विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों के माता-पिता ने शिकायत की थी कि इस ब्रिटिश शिक्षिका ने बच्चों की पढ़ाई के बीच एक खिलोने का नाम (मोहम्मद) रखा था. जो कि इस्लाम का अपमान है.
शिक्षिका ने कहा कि वो ये सजा सुनाए जाने से हतप्रभ है. सजा पूरी करने के बाद शिक्षिका को सूडान से उसके देश भेज दिया जाएगा. ब्रिटिश विदेश सचिव डेविड मिलिबंद ने कहा कि शिक्षिका ने एक मासूम भूल की है क्योंकि मुस्लिम देशों में बच्चों का नाम मोहम्मद रख देना आम बात है.
उधर लंदन में सूडान के राजदूत को इस सिलसिले में स्पष्टीकरण के लिए तलब किया गया है. ब्रिटिश प्रधानमंत्री गार्डन ब्राउन ने आवश्यक कदम उठाने की चेतावनी दी है. अमरीका ने भी इस विषय पर चिंता का इजहार किया है.


Click it and Unblock the Notifications