कांग्रेस की पसंद वीरभद्र नहीं
नई दिल्ली, 30 नवंबरः कांग्रेस हिमाचल प्रदेश विधानसभा के चुनाव में मुख्यमंत्री होने के बावजूद वीरभद्र सिंह को इस पद के दावेदार के रुप में पेश नहीं करेगी.
कांग्रेस के प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने आज यहां पार्टी की नियमित प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि विधानसभा चुनावों में किसी भी नेता को मुख्यमंत्री के रुप में पेश नहीं करने की पार्टी की नीति रही है और जो इस बार भी जारी रहेगी. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का चुनाव पार्टी के नवनिर्वाचित विधायक पार्टी हाईकमान की सहमति से करते हैं.
उन्होंने कहा कि गुजरात और हिमाचल प्रदेश में अगले माह होने वाले चुनाव में भी पार्टी इस नीति पर चलेगी तथा किसी के उकसावे में आकर वह इसमें कोई बदलाव करने वाली नहीं है.
सिंघवी ने दावा किया कि गुजरात में उसके पक्ष में लहर चल रही है तथा मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी का सत्ता से बाहर होना तय है. उन्होंने कहा कि मोदी विकास के नाम पर झूठे दावे कर जनता को बहुत बरगला चुके हैं लेकिन इस बार जनता उनके झांसे में आने वाली नहीं है.
कांग्रेस प्रवक्ता ने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस फिर से सरकार बनाने में सफल रहेगी. एक प्रश्न के उत्तर में स्वीकार किया कि सत्तारुढ दल को सत्ता विरोधी लहर का सामना करना पड़ता है लेकिन अच्छे शासन की मदद से इसके असर को कम किया जा सकता है और यही हिमाचल प्रदेश में होने वाला है.
उन्होंने कहा कि पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के अलावा प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह तथा युवा सांसद राहुल गांधी दोनों राज्यों में पार्टी के चुनाव प्रचार में हिस्सा लेंगे तथा ऊर्जा सुरक्षा प्रचार का एक मुद्दा होगा.


Click it and Unblock the Notifications