कर्नाटक विधानसभा भंग
नई दिल्ली, 29 नवंबरः निलंबित रखी गई कर्नाटक विधानसभा को आज रात भंग कर दिया गया जिससे वहां ताजा चुनाव कराने का रास्ता साफ हो गया है.
आधिकारिक सूत्रों ने आज देर रात यहां बताया कि राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने कर्नाटक विधानसभा भंग करने की घोषणा पर हस्ताक्षर कर दिए हैं. केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने इसकी सिफारिश की थी.
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री बी एस येदयुरप्पा के विधानसभा में बहुमत सिद्ध करने में नाकाम रहने के बाद इस्तीफा देने से राज्य में राष्ट्रपति शासन लगा दिया गया था. संसद के दोनों सदन इसका अनुमोदन कर चुके हैं.
इसपर कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी .एस येदयुरप्पा ने आज कहा कि अगले विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) किसी अन्य राजनीतिक दल के साथ गठजोड़ नहीं करेगी.
कामराज नगर में संवाददाताओं से बातचीत में येदयुरप्पा ने कहा कि भाजपा विधानसभा चुनाव अकेले ही लड़ेगी. उन्होंने कहा कि जनता दल सेक्युलर के साथ गठजोड़ से पार्टी ने सबक सीखा है और अब वह किसी अन्य दल के साथ गठजोड़ नहीं करेगी.


Click it and Unblock the Notifications