यह आपातकाल नहीं मार्शल ला है: भुट्टो
कराची 3 नवंबर: पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) की अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो ने देश में आपातकाल लागू किये जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आज कहा कि यह आपातकाल नहीं बल्कि सैनिक शासन (मार्शल ला) है.
सुश्री भुट्टो ने देर रात दुबई से यहां पहुंचने पर कहा कि जब संविधान को ही निलंबित कर दिया गया है तो आपातकाल के कोई मायने नहीं हैं. उन्होंने कहा कि जनरल परवेज मुशर्रफ ने सुप्रीम कोर्ट के संभावित फैसले से बचने के लिए यह कदम उठाया है लेकिन पाकिस्तान के लोग इस स्थिति को कभी स्वीकार नहीं करेंगे. पीपीपी अध्यक्ष ने कहा कि मुशर्रफ ने अवाम के साथ विश्वासघात किया है.
उन्होंने कहा कि जनरल मुशर्रफ और उनके लोग देश में आपातकाल लागू करके आम चुनाव को कम से कम एक या दो साल के लिए टालना चाहते हैं. उन्होंने कहा,'हम समय पर चुनाव चाहते हैं लेकिन संविधान के निलंबित होने के कारण स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव होने नामुमकिन हैं. उन्होंने कहा कि संविधान की बहाली सुनिश्चित करने के लिए उनकी अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ चर्चा करने की योजना है.'
सुश्री भुट्टो ने अंतर्राष्ट्रीय समुदाय का आह्वान किया कि वह जनरल मुर्शरफ पर अपने फैसले को पलटने के लिए दबाव डाले.


Click it and Unblock the Notifications
