ईरान पर तीसरे दौर के प्रतिबंध की तैयारी
लंदन, 02 नवंबरः संयुक्त राष्ट्र के पांचों स्थायी सदस्य देश तथा जर्मनी आज यहां ईरान पर तीसरे दौर के प्रतिबंध लगाने के लिए बातचीत करेंगे.ईरान पर ये प्रतिबंध उसके परमाणु कार्यक्रम के विरोध में लगाए जा रहे हैं. इससे पहले हाल में दो चरणों में कई आर्थिक और वाणिज्यक प्रतिबंध लगाए गए थे. पश्चिमी देशों तथा अमरीका ने परमाणु हथियार में निर्माण की आशंका के मद्देनजर ईरान से परमाणु कार्यक्रम रोकने को कहा है जबकि ईरान ने यूरेनियम संवर्धन से इंकार किया है.
पांच स्थायी देशों रुस, चीन, ब्रिटेन, फ्रांस तथा अमरीका के साथ जर्मनी इस बातचीत में हिस्सा ले रहा है. अमरीका के सहायक विदेश मंत्री निकोलस बन्र्स ने कहा कि इस बैठक में सामूहिक रुप से प्रतिबंध के प्रस्ताव पर चर्चा होगी. उन्होंने उम्मीद जताई कि रुस और चीन भी लंदन में होने वाली इस अहम बैठक में शामिल होंगे. रुस और चीन ईरान के बड़े व्यापारिक साझीदार हैं और इससे पहले उन्होंने ईरान पर तीसरे दौर के प्रतिबंध लगाने के प्रयासों को छह माह के लिए रुकवा दिया था.
अमरीका ने पिछले हफ्ते ईरान के खिलाफ आर्थिक प्रतिबंध लगा दिए थे और उसके खिलाफ सैनिक कार्रवाई से भी इंकार नहीं किया था, लेकिन रुस सैन्य कार्रवाई के बजाए बातचीत से रास्ता निकालने की मांग कर रहा है. चीन ने अमरीकी प्रतिबंध की कार्रवाई को जल्दबाजी में उठाया गया गलत गदम करार दिया है.अमरीकी विदेशमंत्री कोंडालीजा राइस ने तुर्की यात्रा के दौरान संवाददाताओं से कहा कि ईरान पर संयुक्त राष्ट्र के प्रतिबंध के मसौदे पर अमरीका के रुस और चीन के साथ कुछ मतभेद है, लेकिन उन्होंने कहा कि रुसी विदेश मंत्री सगेई लाव रोव ने इस बातचीत में शामिल होने पर सहमति व्यक्त की थी.
गौरतलब है कि विश्व की पांचों महाशक्तियों ने गत सितंबर में ईरान पर प्रतिबंध लगाने के मामले में होने वाले मतदान पर नवंबर माह के आखिर तक रोक लगाने की आम राय व्यक्त की थी. यह रोक संयुक्त राष्ट्र की परमाणु एजेंसी तथा यूरोपीय संघ के वार्ताकार की रिपोर्ट मिलने तक लगायी गयी थी.
इससे पहले ईरान की अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी आईएईए से चार दिवसीय वार्ता संपन्न हुई है. ईरान सरकार के अनुसार उन्होंने काफी हद तक आईएईए की शंकाओं का समाधान कर दिया है और यह संतोषजनक रही थी. आईएईए प्रमुख मोहम्मद अलबारदेई अब मध्य नवंबर में अपनी रिपोर्ट संयुक्त राष्ट्र में पेश करेंगे.


Click it and Unblock the Notifications
