जर्मन चांसलर नई दिल्ली पहुंची
नई दिल्ली, 29 अक्टूबरः जर्मन चांसलर एंजिला मर्केल भारत और जर्मनी के बीच राजनीतिक सहयोग और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए भारत की चार दिवसीय राजकीय यात्रा पर आज रात यहां पहुंची. उनकी यात्रा के दौरान 12 समझौतों पर हस्ताक्षर होने की संभावना है.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता के अनुसार ये समझौते रक्षा,ऊर्जा,व्यापार तथा विज्ञान एवं तकनीकी से संबंधित होंगे. एक महत्वपूर्ण समझौता गोपनीय सूचनाओं को सुरक्षित रखने के बारे में भी होगा. जर्मन चांसलर के साथ वहां के शिक्षामंत्री और चांसलर के सुरक्षा सलाहकार के अलावा सीमंस और लुफ्थांसा जैसी कंपनियो के प्रतिनिधि भी आ रहे हैं. मर्केल प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ द्विपक्षीय और अंर्तराष्ट्रीय मुद्दों पर विचार विमर्श के साथ ही राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल,उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी,संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की अध्यक्ष सोनिया गांधी, विदेश मंत्री प्रणव मुखर्जी और लोकसभा में विपक्ष के नेता लालकृष्ण आडवाणी से भी मुलाकात करेंगी. मर्केल नई दिल्ली से मुम्बई भी जायेंगी. जहां वह शीर्ष उद्योग प्रतिनिधियों के साथ गोलमेज बैठक में भाग लेंगी.
प्रधानमंत्री और मर्केल विज्ञान और तकनीकी उपलब्धियों को दर्शाने वाली एक रेल गाड़ी को हरींडी दिखाकर रवाना करेंगे. यह रेलगाडी वर्ष भर की यात्रा के दौरान देश के 60 छोटे बड़े शहरों से होकर गुजरेगी. विज्ञान ट्रेन, नाम वाली इस रेलगाड़ी की विज्ञान प्रदर्शनी को भारतीय रेलवे विज्ञान और तकनीकी विभाग तथा जर्मनी की एक संस्था मैक्स प्लांक ने तैयार किया है.


Click it and Unblock the Notifications
