भारत-बंगलादेशः जोरों पर मानव तस्करी
कोलकाता, 29 अकेटूबरः भारत बंगलादेश सीमा पर कड़ी चौकसी के बावजूद यहां सामानों और मवेशियों के साथ-साथ मानव तस्करी का धंधा भी जोरों पर है. ढ़ाका में बंगलादेश राइफ्ल्स के साथ दो दिवसीय बैठक के बाद आज यहां पहुंचे सीमा सुरक्षा बल के दक्षिण बंगाल के निदेशक एके मित्रा ने सुभाष चंद्र बोस अतंर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पत्रकारों को यह जानकारी देते हुए बताया कि पिछले वर्ष तकरीबन एक लाख 13 हजार मवेशियों की भारत से बंगलादेश में तस्करी की गई.
उन्होंने कहा कि मवेशियों की तस्करी सीधे तौर पर दोनों देशों की स्थानीय अर्थव्यवस्था से जुड़ा मामला है. भारत में जहां मवेशियों की पर्याप्त संख्या है वहीं बंगलादेश में इसकी कमी है. मित्रा ने कहा कि सीमा पर महिलाओं की तस्करी भी जोरो पर है. उन्होनें बताया कि बीएसएफ के जवान 18 बंगलादेशी महिलाओं को तस्करों के जाल से छुड़ा चुके हैं.
पुलिस महानिदेशक ने कहा कि तस्करी की यह समस्या इसलिए भी विकराल रूप ले रही है क्योंकि दोनों देशों की सीमाओं का 35 फीसदी हिस्सा तस्करों के लिए अभी भी काफी सुगम बना हुआ है.


Click it and Unblock the Notifications
