करूणानिधि ने रजनीकांत से रामसेतु मुद्दे पर सहयोग मांगा
चेन्नई 17 अक्तूबरः तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम करूणानिधि ने सुपर फिल्म स्टार रजनीकांत से रामसेतु विवाद खत्म करने में सहयोग की अपील की है.करूणानिधि ने कल रात यहां आयोजित फिल्म पुरस्कार वितरण समारोह के मौके पर अभिनेता रजनीकांत को फिल्म चंद्रमुखी के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार देते हुए उनसे अपील की, कि वह रामसेतु मुद्दे पर अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए उत्तर भारत के साधु संतों को सेतुसमुद्रम परियोजना के लिए मनाने का प्रयास करें.
रजनीकांत द्वारा रामसेतु विवाद को लेकर चिंता व्यक्त किए जाने और दक्षिण भारत की अपेक्षा उत्तर भारत में इसे कुछ ज्यादा ही गंभीरता से लिए जाने के कारण इसका कोई शांतिपूर्ण हल निकालने के अनुरोध पर करूणानिधि ने कहा कि एक अभिनेता की हैसियत से वह साधु संतों को समझाने की कोशिश करें. उन्होंने कहा कि मेरी भगवान राम से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है और न ही मैं उनसे घृणा करता हूं हालांकि यह सच है कि मैं एक नास्तिक हूं, लेकिन खुद मेरे राजनीतिक गुरू पेरियार ई वी रामस्वामी के नाम के साथ भी भगवान राम का नाम जुड़ा हुआ है.
मुख्यमंत्री ने रजनीकांत से कहा कि वह एक अभिनेता हैं इसलिए दक्षिण भारत के साथ-साथ उत्तर भारत का भी उन्होंने व्यापक भ्रमण किया है. वहां वह लोगों के बीच खासे लोकप्रिय भी हैं इसलिए वह अपने इस प्रभाव का इस्तेमाल रामसेतु मसले को सुलाने के लिए बखूबी कर सकते हैं.


Click it and Unblock the Notifications