बेनजी़र हर हाल में कल पाकिस्तान पहुंचेंगी
दुबई 17 अक्टूबर: पाकिस्तान की पूर्व प्रधानमंत्री तथा पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) की अध्यक्ष बेनजीर भुट्टों ने पाकिस्तान सरकार की तमाम नसीहतों को नकारते हुये कल ही स्वदेश वापसी का संकल्प दोहराया है.
निजी टेलीविजन चैनलों के अनुसार सुश्री भुट्टों ने वतन वापसी से पहले आज यहां आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पाकिस्तान की जनता देश में सिविलियन लीडरशिप चाहती है इसलिये राष्ट्रपति जनरल मुशर्रफ को वर्दी में कतई स्वीकार नहीं किया जा सकता. सुश्री भुट्टो के कार्यक्रम के अनुसार वह कल करांची पहुंचेगी.
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की जनता के साथ किये वादे के मुताबिक स्वदेश वापसी के क्रम में कल वह विमान से कराची के लिये पहुंचेगी. उन्होंने पाकिस्तान की जनता को लोकतंत्र तथा मानवाधिकारों का समर्थक बताते हुये कहा कि पाकिस्तान में हर हाल में नागरिक नेतृत्व की स्थापना उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि पार्टी अगले साल के आरंभ में होने वाले आम चुनावों में हिस्सा लेगी.
प्रमुख विपक्षी पार्टी की नेता सुश्री भुट्टो ने कहा कि उन्हें सरकार से लगातार हिदायतें मिल रही थी कि तालिबान के खतरे के मद्देनजर वह स्वदेश वापसी टाल दे लेकिन वह अपने फैसले पर अडिग है.


Click it and Unblock the Notifications