कश्मीर में भीषण अग्निकांड: छह घायल,करोड़ों की संपत्ति जल कर खाक
श्रीनगर,15 अक्टूबरः कश्मीर घाटी के श्रीनगर की ऐतिहासिक जामिया मस्जिद के निकट एक इलाके में आज लगी भीषण आग में करोड़ों रूपये की संपत्ति जल कर खाक हो गई.
कश्मीर के मंडलीय फायर सर्विस अधिकारी सज्जाद अहमद खान ने बताया कि पुराने शहर के नोहता गोजवारा क्षेत्र में भीड़भाड़ वाले चांदपुरा इलाके में स्थित एक मकान में शाम चार बजकर 25 मिनट पर आग लग गई. उन्होंने बताया कि देखते ही देखते आग ने भीषण रूप ले लिया जिससे इलाके के कम से कम 12 मकान इसकी चपेट में आ गए.
खान ने बताया कि आग बुझाने के प्रयास में छह अग्निशमनकर्मी और इलाके के कुछ निवासी घायल हो गए. आग पर काबू पाने के लिए 250 अग्निशमनकर्मी और 40 गाडियां मौके पर पहुंची. उन्होंने बताया कि आग पर तीन घंटे बाद शाम 7:15 पर काबू पाया गया.
उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है.अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों द्वारा समय पर की गई कार्रवाई के कारण आग को अधिक भीषण होने से रोक लिया गया, वरना आग से होने वाला नुकसान बढ़ सकता था.


Click it and Unblock the Notifications