चीन ने की ताईवान के साथ शांति और सुलह की पेशकश
पेईचिंग, 15 अक्टूबरःचीन के राष्ट्रपति हू चिन ताओ ने आज कहा कि साम्यवादी शासित चीन में बढ़ते सामाजिक दबावों और समय की जरुरत के मुताबिक बड़े राजनीतिक सुधार किए जाएंगे और सत्ता में आम जनता की भागीदारी को सुनिश्चित किया जाएगा. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि इन सबके बावजूद शासन व्यवस्था में कम्युनिस्ट पार्टी की श्रेष्ठता बरकरार रहेगी.
चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के 17वें अधिवेशन में लगभग 2200 सदस्यों को संबोधित करते हुए चीनी राष्ट्रपति ने कहा कि देश की राजनीति में अब नागरिकों की भागीदारी बढ़ाई जाएगी पर साथ में समाजवादी मूल्यों को भी शीर्ष पर बरकरार रखा जाएगा.
प्रत्येक पांच वर्षो में होने वाली पीपुल्स कांग्रेस की इस बैठक में श्री चिन ताओ ने देश में बढ़ते भ्रष्टाचार पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार पर हर हाल में अंकुश लगाया जायेगा और पार्टी इसके लिए सभी रास्तो पर विचार करेगी. उन्होंने देश में बराबरी के विकास को रेखांकित करते हुए कहा कि विकास का वैज्ञानिक मॉडल अपनाते हुए अमीरों और गरीबों के बीच की खाई को कम किया जाएगा.
एक अरब तीस करोड़ की विशाल आबादी वाला चीन दुनिया की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था है. विशेषकर गत पांच वर्षो के दौरान चीन एक और बड़ी आर्थिक और राजनीतिक शक्ति बनकर उभरा है.चीन में वर्ष 2008 में प्रतिष्ठा का प्रतीक माने जाने वाले ओलम्पिक खेलों का भी आयोजन होना है, लेकिन इसके साथ ही चीन अपने वर्तमान विकास के मॉडल अमीर-गरीब लोगों के बीच बढ़ती असमानता और पर्यावरण क्षय तथा सरकार में भ्रष्टाचार की समस्या से जूझ रहा है. इसकी वजह से वहां समाजिक असंतोष भी पनप रहा है.
वर्ष 2002 में पार्टी प्रमुख जियांग जेमिन के बाद कमान संभालने वाले हू ने सामाजिक सद्भाव पर जोर देते हुए बाजारवादी अर्थव्यवस्था के दौर में संसाधनों के समान वितरण पर जोर दिया है.ग्रेट हाल ऑफ पीपुल्स में कांग्रेस की बैठक को संबोधित करते हुए हू ने कहा कि चीन ऊर्जा संरक्षण करने तथा खतरनाक तत्वों के उत्सर्जन में कमी के लिए एक जवाबदेह व्यवस्था विकसित करेगा. उन्होंने कहा कि संसाधनों की बरबादी और पर्यावरण को नुकसान की कीमत पर आर्थिक प्रगति हासिल नहीं की जाएंगी.
हू ने रक्षा सेनाओं को और ज्यादा आधुनिक तकनीक से लैस करने के साथ पड़ोसी ताईवान के साथ शांति और सुलह सफाई की पेशकश की. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि ताईवान को चीन से अलग करने के किसी भी प्रयास को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
कांग्रेस के इस अधिवेशन के दौरान राजधानी पेइचिंग सहित थ्यानमान चौक और बैठक में शामिल होने आए सदस्यों के ठहरने के स्थानों के बाहर भारी मात्रा में पुलिस और सुरक्षा बलों को तैनात किया गया


Click it and Unblock the Notifications