गोरखपुर में पिछले 48 घंटों के दौरान मस्तिष्क ज्वर से पीड़ित 11 और बच्चों की मृत्यु
गोरखपुर,15 अक्टूबरःउत्तर प्रदेश में गोरखपुर शहर स्थित बाबा राघवदास मेडिकल कालेज चिकित्सालय में पिछले 48 घंटों के दौरान मस्तिष्क ज्वर से पीड़ित 11 और बच्चों की मृत्यु होने के साथ इस वर्ष इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 314 हो गई है.
सरकारी सूत्रों ने आज यहां बताया कि मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय में मस्तिष्क ज्वर से पीड़ित 11 बच्चों की पिछले 48 घंटों के दौरान मृत्यु हो गई. मरने वालों में कुशीनगर जिले के पांच,महराजगंज के दो तथा देवरिया संतकबीर नगर,गोरखपुर एवं बिहार प्रान्त के एक-एक बच्चे शामिल हैं.
सूत्रों ने बताया कि गत एक जनवरी से अबतक मस्तिष्क ज्वर से पीड़ित1821 मरीजों को इस मेडिकल कॉलेज तथा मंडल के जिला चिकित्सालयों में उपचार के लिए भर्ती कराया गया जिसमें से अब तक 314 मरीजों की मृत्यु हो चुकी है.
उन्होंने बताया कि इस दौरान मस्तिष्क ज्वर के 38 नए रोगी भर्ती कराए गए हैं, जबकि इससे पीड़ित 188 रोगियों का इस मेडिकल कॉलेज तथा गोरखपुर और बस्ती मंडल के जिला चिकित्सालयों में उपचार किया जा रहा है.
गोरखपुर मेडिकल कालेज में भर्ती कराए गए मरीजों में गोरखपुर,देवरिया,कुशीनगर,बस्ती,महराजगंज,सिद्धार्थनगर,संतकबीर नगर,बहराइच,मऊ,बलरामपुर,गोन्डा जिले के अलावा पड़ोसी देश नेपाल के 15 और सीमा से सटे बिहार प्रान्त के 217 मरीज शामिल हैं. इस जानलेवा बीमारी से मरने वालों में बिहार प्रान्त के 41 तथा पड़ोसी देश नेपाल के तीन बच्चे शामिल हैं.


Click it and Unblock the Notifications