Surya Prakash Pareek: अनपढ़ माता-पिता का बेटा बना RPSC टॉपर, पहले प्रयास में पास की स्कूल व्याख्याता परीक्षा
Surya Prakash Pareek Buchawas Taranagar Churu: मां-बाप कभी स्कूल नहीं गए, मगर शिक्षा की ताकत बखूबी समझते हैं। यही वजह है कि बेटे सूर्य प्रकाश पारीक के स्कूल की ओर बढ़ते कदम कभी नहीं रोके। उसे पढ़ने-लिखने का भरपूर अवसर दिया। नतीजा ये कि अनपढ़ मां-बाप का बेटा आज आरपीएससी का टॉपर बन गया।
सूर्य प्रकाश पारीक ने राजस्थान लोक सेवा आयोग अजमेर (RPSC) की प्रथम श्रेणी शिक्षक भर्ती परीक्षा 2022 में राजस्थान टॉप किया है। आरपीएससी ने गुरुवार को परिणाम जारी किया है। इसके बाद से सूर्य प्रकाश पारीक की सक्सेस स्टोरी सुर्खियों में है।

वनइंडिया हिंदी से बातचीत में सूर्य प्रकाश पारीक ने बताया कि उनका जन्म 12 जुलाई 1998 को किसान भंवरलाल पारीक व हाउसवाइफ गुड्डी देवी के घर हुआ। एक बड़ा भाई है, जिन्होंने पढ़ाई बीच में छोड़कर बिजनेस शुरू कर दिया।
सूर्य प्रकाश पारीक वर्तमान में शिक्षा विभाग सूरतगढ़ में एलडीसी के पद पर सेवाएं दे रहे हैं। अब शिक्षक बन गए हैं। पहले ही प्रयास में आरपीएससी की प्राध्यापक-स्कूल शिक्षा प्रतियोगी परीक्षा 2022 (अंग्रेजी) में पूरे राजस्थान में नंबर एक रैंक हासिल की है। वो भी बिना कोचिंग के।
सूर्य प्रकाश का मानना है कि पाठ्यक्रम पर फोकस करके पढ़ाई की जाए तो सफलता मिलना तय है। सूर्य प्रकाश ने दसवीं तक की पढ़ाई गांव के स्कूल से की। तारानगर से 11-12वीं और स्नातक व बीएड की। सरदारशहर के एसबीडी कॉलेज से एमए की डिग्री ली।
भाई कन्हैया लाल भी बने थे टॉपर
सूर्य प्रकाश पारीक के परिवार में भाई कन्हैया लाल पारीक भी द्वितीय श्रेणी शिक्षक भर्ती परीक्षा 2018 (अंग्रेजी) को टॉप कर चुके हैं। तीन बार असफल होने के बाद टॉपर बनने वाले कन्हैया लाल अभी कोहिणा के महात्मा गांधी विद्यालय में पोस्टेड हैं। सूर्य प्रकाश के ताऊ का बेटा स्टेशन मास्टर है।
गांव के हर दूसरे घर से सरकारी नौकरी
तारानगर तहसील का गांव बुचावास अपने जिला मुख्यालय चूरू से करीब 49 किलोमीटर दूर है। यहां मूलभूत सुविधाओं की भले ही कमी हो, मगर पढ़ाई का जबरदस्त माहौल है। यहां हर दूसरे घर से कोई ना कोई सरकारी नौकरी में है। इसी साल शिक्षक भर्ती परीक्षाओं में यहां के 50 युवाओं का चयन हुआ है। जयपाल स्वामी आईएएस व मुकेश तिवाड़ी आरएएस भी बन चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications