IAS राजेश मीना: सरकारी स्कूल से लेकर महाराष्ट्र के मुख्य सचिव तक की यात्रा, पत्नी ने शेयर की सक्सेस स्टोरी
Rajesh Kumar Meena Chief Secretary Maharashtra: "आज का दिन मेरे लिए गर्व, अपार प्रसन्नता और कृतज्ञता का है..." - ये शब्द हैं अर्चना मीना के, जिन्होंने अपने पति राजेश कुमार मीना की उपलब्धि पर एक भावभीनी सोशल मीडिया पोस्ट साझा की है। आज उनके पति ने महाराष्ट्र राज्य के मुख्य सचिव पद का कार्यभार ग्रहण किया है।
Maharashtra IAS Rajesh Meena Wife: राजेश कुमार की पत्नी ने आगे क्या लिखा?
राजेश कुमार मीना की पत्नी अर्चन मीना दौसा की पूर्व सांसद जसकौर मीना की बड़ी बेटी हैं। अर्चना लिखती हैं कि यह पद केवल एक नई जिम्मेदारी नहीं, बल्कि एक लंबी और निरंतर चलती कर्मयात्रा का एक गौरवपूर्ण पड़ाव है-एक ऐसी यात्रा जो राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के एक छोटे से सरकारी स्कूल से शुरू हुई थी। वहीं से पढ़ाई कर, फिर सरकारी कॉलेज से शिक्षा प्राप्त कर, 1988 बैच के सबसे युवा IAS अधिकारी बनने वाले राजेश मीना ने आज प्रशासनिक सेवा की सर्वोच्च सीढ़ी पर कदम रखा है।

वे बताती हैं कि राजेश मीना को उन्होंने एक समर्पित, दूरदर्शी और संवेदनशील प्रशासक के रूप में हर दिन जीते देखा है। लेकिन एक पत्नी के रूप में, उन्होंने उन्हें एक ऐसे इंसान के रूप में जाना जो हर रिश्ते को गरिमा देता है, हर चुनौती को संकल्प के साथ स्वीकार करता है, और स्त्री सशक्तिकरण को केवल विचार नहीं, व्यवहार में भी जीता है।
उनकी इस पोस्ट में राजेश मीना के जीवन मूल्यों, नैतिकता और सार्वजनिक सेवा के प्रति प्रतिबद्धता की भी झलक मिलती है। वे लिखती हैं-"यह पद किसी विशेषाधिकार का नहीं, बल्कि जनसेवा के उस मूल भाव का विस्तार है, जिसे उन्होंने जीवन का ध्येय बनाया है।"
IAS Rajesh Meena Biography in Hindi: आईएएस राजेश मीना की प्रोफाइल
- नाम: राजेश कुमार मीना
- बैच: 1988, महाराष्ट्र कैडर
- जन्मस्थान: सवाई माधोपुर, राजस्थान
- पूर्व पद: गृह सचिव, महाराष्ट्र (नियुक्ति: 29 जुलाई 2024)
- परिवार: दौसा की पूर्व सांसद जसकौर मीना के दामाद
राजेश मीना सवाई माधोपुर से निकलकर किसी राज्य के मुख्य सचिव बनने वाले दूसरे व्यक्ति हैं। इससे पहले टीकाराम मीना, जो सवाई माधोपुर जिले के जोलंदापुरा गांव के रहने वाले हैं, केरल के मुख्य सचिव रह चुके हैं।
सूत्रों के अनुसार, राजेश मीना का कार्यकाल मुख्य सचिव पद पर संभावित रूप से सीमित अवधि के लिए रहेगा। इसके बाद वरिष्ठता के आधार पर आईएएस इकबाल सिंह चहल को यह जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। उल्लेखनीय है कि इकबाल सिंह चहल भी राजस्थान मूल के हैं। राजेश कुमार मीना अगस्त में रिटायर होने वाले हैं।












Click it and Unblock the Notifications