Love Story: अंकुर त्रिपाठी-कृतिका मिश्रा बने IAS 'पॉवर कपल', कैसे महाकुंभ में किस्मत ने लगाई मोहब्बत की डुबकी?
IAS Kritika Mishra Love Story OI Exclusive: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की दुनिया में अक्सर सफलता की कहानियां सुनने को मिलती हैं, लेकिन कुछ ऐसी प्रेम कथाएं भी हैं, जो न सिर्फ प्रेरणा देती हैं, बल्कि यह साबित करती हैं कि सच्चा प्यार किस्मत और मेहनत के मिलन से ही खिलता है। आज हम बात कर रहे हैं दो युवा आईएएस अधिकारियों की- 'कृतिका मिश्रा और अंकुर त्रिपाठी'- जिनकी लव स्टोरी लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी की दोस्ती से शुरू होकर प्रयागराज के पवित्र महाकुंभ के दिव्य संयोग से होते हुए आखिरकार सगाई तक पहुंच गई।
2023 बैच की कृतिका (एआईआर 66) और 2025 बैच के अंकुर (एआईआर 50) ने न सिर्फ सिविल सेवा में अपनी छाप छोड़ी है, बल्कि एक-दूसरे को जीवनसाथी चुनकर आईएएस की दुनिया में 'पावर कपल' का नया उदाहरण पेश किया है। राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित कृतिका की यह कहानी हिंदी माध्यम से संघर्ष की मिसाल है, तो अंकुर की यह प्रेरणा देती है कि हार न मानने वाले ही चोटी पर पहुंचते हैं। आइए, Oneindia Hindi के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में संवाददाता दिव्यांश रस्तोगी से हुई खास बातचीत में जानें IAS कृतिका मिश्रा व IAS अंकुर त्रिपाठी का रोमांटिक-सफलता का सफर...

Who Is IAS Kritika Mishra: कौन हैं कृतिका मिश्रा? कानपुर की बेटी, जो हिंदी माध्यम से बनीं IAS की मिसाल
उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर की रहने वाली कृतिका दिवाकर मिश्रा एक ऐसी युवती हैं, जिनकी जिंदगी साहित्य की किताबों से लेकर सिविल सेवा की ऊंचाइयों तक का सफर है। 2023 की यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा (UPSC Civil Services Exam) में अपने दूसरे प्रयास में एआईआर 66 हासिल कर उन्होंने न सिर्फ खुद का, बल्कि पूरे हिंदी माध्यम के अभ्यर्थियों का मान बढ़ाया। खास बात यह कि वे हिंदी माध्यम से परीक्षा पास करने वाली पहली टॉपर बनीं।

वर्तमान में बिहार के खगड़िया जिले में SDM के पद पर तैनात कृतिका Oneindia Hindi से बातचीत में बताती हैं, 'मेरा बैकग्राउंड बेहद साधारण है। कानपुर यूनिवर्सिटी के पंडित पृथ्वी नाथ कॉलेज से हिंदी साहित्य में ग्रेजुएशन किया। परिवार में साहित्य का ऐसा ही रुझान रहा- नाना डॉ. ओम प्रकाश शुक्ला बृज-अवधी में लेखन करते हैं, तो मां सुषमा मिश्रा को भी हिंदी साहित्य से गहरा लगाव है।'

कृतिका के पिता दिवाकर मिश्रा बिशंभर नाथ सनातन धर्म इंटर कॉलेज, चुन्नीगंज, कानपुर में लेक्चरर हैं, जबकि छोटी बहन मुदिता मिश्रा हिंदी साहित्य में पीएचडी कर रही हैं। कृतिका कहती हैं, 'आईएएस बनने का ख्याल ग्रेजुएशन के बाद आया। मैं समाज में बदलाव लाना चाहती थी, और सिविल सेवा ही वह मंच था जो मुझे यह मौका देता। स्वामी विवेकानंद और डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम मेरे आदर्श हैं - उनकी प्रेरणा से ही मैंने यूपीएससी का सफर शुरू किया।' बिना किसी कोचिंग के, सिर्फ यूट्यूब और किताबों के सहारे उन्होंने यह मुकाम हासिल किया। राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित होने के बाद कृतिका ने कहा, 'हिंदी माध्यम के अपने अलग संघर्ष हैं, लेकिन यह सफलता साबित करती है कि मेहनत से कुछ भी संभव है।' उनकी यह कहानी खासकर ग्रामीण और हिंदी माध्यम के लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है।

Who Is IAS Ankur Tripathi: कौन हैं अंकुर त्रिपाठी? किसान पुत्र से IAS तक का संघर्षपूर्ण सफर
दूसरी तरफ लखनऊ (मूल रूप से अमेठी जिले के जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र के कचनाव गांव) के अंकुर त्रिपाठी एक किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता सुरेंद्र नारायण त्रिपाठी की अपनी होम कंस्ट्रक्शन शॉप है, मां सरोज त्रिपाठी गृहिणी हैं। 2024 की यूपीएससी परीक्षा में एआईआर 50 हासिल कर अंकुर ने अमेठी जिले का नाम रौशन किया। खास बात यह कि 2023 में वे आईपीएस (IPS) बने थे, लेकिन समाज के प्रति अपनी महत्वाकांक्षा को पूरा करने के लिए दोबारा परीक्षा दी और आईएएस (IAS) बन गए। वर्तमान में वे मसूरी के लाल बहादुर शास्त्री नेशनल एडमिनिस्ट्रेशन एकेडमी (LBSNAA) में ट्रेनिंग ले रहे हैं।

Oneindia Hindi से बातचीत में अंकुर बताते हैं, '2023 में यूपीएससी पास करने के बाद फाउंडेशन कोर्स के दौरान ही कृतिका से मुलाकात हुई। उसी दौरान ही कृतिका की एक सकारात्मक छवि मेरे मन में बन गई थी। हम दोनों का एक दूसरे के प्रति सम्मान का भाव और लगभग एक जैसी अभिरुचियां हमारी दोस्ती का आधार बनी। फाउंडेशन कोर्स के बाद मैंने नेशनल पुलिस एकेडमी (NPA) हैदराबाद में ट्रेनिंग शुरू की। हैदराबाद में IPS ट्रेनिंग के बीच भी मैंने 2024 की परीक्षा की तैयारी जारी रखी।
IAS Kritika Mishra IAS Ankur Tripathi Love Story: ट्रेनिंग कैंप से महाकुंभ तक का दिव्य मिलन
कृतिका और अंकुर की प्रेम कहानी 2023 के फाउंडेशन कोर्स से शुरू हुई, जब दोनों LBSNAA, मसूरी में एक साथ ट्रेनिंग ले रहे थे। कृतिका बताती हैं, 'वहां हमारी पहली मुलाकात हुई। कोर्स खत्म होने के बाद अंकुर हैदराबाद चले गए आईपीएस ट्रेनिंग के लिए, जबकि मैं अपनी डिस्ट्रिक्ट ट्रेनिंग में व्यस्त हो गई। लेकिन हम संपर्क में रहे - त्योहारों पर बधाई संदेश, एक-दूसरे का हाल-चाल। धीरे-धीरे दोस्ती गहरी होती गई।'

Oneindia Hindi से बातचीत में अंकुर बताते हैं कि कहानी में ट्विस्ट आया 2025 के प्रयागराज महाकुंभ मेले के दौरान। अंकुर, जो तब आईपीएस ट्रेनिंग का हिस्सा थे, को नेशनल पुलिस एकेडमी (NPA) से कुंभ की सुरक्षा व्यवस्था देखने भेजा गया। वे बताते हैं, 'यह एक मेगा इवेंट था, जहां AI तकनीक और आधुनिक सिक्योरिटी सिस्टम का इस्तेमाल हो रहा था। इत्तेफाक से उसी समय कृतिका भी कुंभ विजिट पर आईं। उन्होंने सोशल मीडिया पर कुंभ का स्टेटस शेयर किया, जिसे देखकर मैंने उनसे मिलने का सुझाव दिया। हमने घंटों कुंभ की तैयारियों, आध्यात्मिकता और सामाजिक महत्व पर चर्चा की। आज भी मैं उस मुलाकात को याद करता हूं तो ईश्वर को धन्यवाद अवश्य देता हूं।'
इसी बातचीत ने दोनों के बीच भावनात्मक और आध्यात्मिक जुड़ाव पैदा किया। अंकुर कहते हैं, 'इसे इत्तेफाक कहें या दिव्य संयोग, महाकुंभ ने हमारी किस्मत बदल दी। उसके बाद हमारी बातें बढ़ीं - विचारों का आदान-प्रदान, भावनाओं का खुलासा।'

IAS Ankur Tripathi Proposed IAS Kritika Mishra: अंकुर ने कृतिका को जानें कैसे किया प्रपोज?
कृतिका मिश्रा बताती हैं कि सोशल मीडिया के इंस्टेंट मैसेजिंग युग में एक बेहद ही भावनात्मक पत्र लिखकर अंकुर ने कृतिका को शादी के लिए प्रपोज किया। कृतिका मुस्कुराते हुए कहती हैं, 'मेरे मन में भी यही विचार थे, तो बात आगे बढ़ गई।' खास बात यह कि अंकुर के यूपीएससी 2024 रिजल्ट आने से पहले ही दोनों ने एक-दूसरे को जीवनसाथी चुन लिया। अगस्त 2023 से शुरू हुई दोस्ती का यह सफर 30 नवंबर 2025 को सगाई के साथ नया मोड़ ले चुका है। शादी फरवरी 2026 तक होने की संभावना है।
एक प्रेरणादायक 'पावर कपल': समाज सेवा का नया अध्याय
कृतिका और अंकुर की यह जोड़ी न सिर्फ प्रेम की मिसाल है, बल्कि समाज सेवा के संकल्प की भी। कृतिका बिहार में ग्रामीण विकास पर फोकस कर रही हैं, तो अंकुर मसूरी ट्रेनिंग के बाद अपनी पोस्टिंग में सुरक्षा और प्रशासनिक सुधार लाना चाहते हैं। उनकी कहानी युवाओं को बता रही है कि यूपीएससी का सफर सिर्फ परीक्षा नहीं, बल्कि जीवन के मूल्यों का भी इम्तिहान है।
इस 'आईएएस पावर कपल' को नव जीवन की बधाई। क्या आप भी ऐसी प्रेरणादायक कहानियों से जुड़ना चाहते हैं? कमेंट्स में अपनी राय शेयर करें।
ये भी पढ़ें- Success Story: IAS Anoushka Sharma कौन हैं? बिना कोचिंग क्रैक किया UPSC, अब CM योगी ने दी बड़ी जिम्मेदारी












Click it and Unblock the Notifications