Tulsi in Winter: सर्दियों में सूख जाता है तुलसी का पौधा, इन 5 आसान तरीकों से रखें हरा-भरा
Tulsi Plant Care In Winter: अक्टूबर का महीना शुरू हो चुका है। ऐसे में सुबह और शाम के समय हवा में हल्की ठंड महसूस होने लगी है। सर्दियों के आते ही कई पेड़ पौधे सूखने लग जाते हैं। ठंड का असर पेड़-पौधों पर भी पड़ता है। खासतौर पर घर की बालकनी में रखे पौधे मुरझाने लगते हैं। ठंडी हवाओं के कारण पौधे की पत्तियां ड्राई होकर टूटने लगती हैं। ठंड का सबसे ज्यादा असर तुलसी के पौधे पर होता है।
सर्दियों में तुलसी का पौधा सूख जाता है
ठंड के मौसम में रात के समय पौधों को काफी नुकसान पहुंचता है। अधिकतर लोग अपनी बालकनी, छत या फिर घर के आंगन में तुलसी का पौधा लगाते हैं, जिसे घर के अंदर नहीं रखा जा सकता है। सर्दियों में तुलसी का पौधा बहुत जल्दी सूख जाता है। ऐसे में इसे बाहर रखते हुए कैसे हरा-भरा बनाए रखें, इसके लिए कुछ आसान से टिप्स अपनाएं जा सकते हैं।

गमले में मिट्टी के साथ बालू का करें इस्तेमाल
अगर आप चाहते हैं कि आपके घर में लगी तुलसी सर्दियों में न सूखे तो आप गमले में मिट्टी के साथ बालू का भी इस्तेमाल करें। ध्यान रखें की तुलसी का गमला बहुत छोटा न हो और पानी नीचे से निकलने के लिए भी पर्याप्त जगह बनी रहे। इससे तुलसी के पौधे का जड़ गीला नहीं रहेगा।
धूप आने वाली जगह पर तुलसी को रखें
सर्दियों में हर रोज पौधे में पानी देने की जरूरत नहीं होती है। इससे पौधे खराब हो जाते हैं। तुलसी के पौधे में भी सर्दियों में ज्यादा पानी न डालें। बहुत अधिक ठंडा पानी भी पौधों को नुकसान पहुंचा सकता है। तुलसी के पौधे को सर्दियों में हरा-भरा बनाए रखने के लिए बीच-बीच में सूखी पत्तियों, डालों और मंजरी को ट्रिम करते रहें। इससे पौधे की ग्रोथ सही रहेगी। सर्दियों में जिस जगह पर धूप आए वहां तुलसी के गमले को रखें।
तुलसी के पौधे को डायरेक्ट ओस की बूंदों से बचाएं
ठंड के दिनों में ओस गिरने से तुलसी के पौधे को नुकसान पहुंचता है। इसके लिए छत, आंगन में रखी तुलसी को किसी साफ लाल रंग के सूती कपड़े से ढक दें। आप चाहें तो शेड भी बना सकते हैं, ताकि पौधे पर डायरेक्ट ओस की बूंदें न पड़े। तुलसी के पौधे में जैविक खाद का ही इस्तेमाल करें। बीच-बीच में मिट्टी की गुड़ाई करना भी जरूरी होता है। इससे पौधे को भरपूर पोषण मिलता रहता है।
नीम की पत्तियों का पानी डालें
अगर आप ठंड के मौसम में तुलसी के पौधे को हरा-भरा बनाए रखना चाहते हैं तो इसमें नीम की पत्तियों का पानी डाल सकते हैं। इसके लिए कुछ नीम की पत्तियों को पानी में डालकर उबाल लें। इस पानी को ठंडा करके तुलसी की मिट्टी में डाल दें। इससे इसकी पत्तियां हरी बनी रहेंगी। सर्दियों में तुलसी के पौधे के पास अगरबत्ती, धूप, दीपक जलाकर जरूर रखें।
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं। Oneindia Hindi इनकी पुष्टि नहीं करता है। इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें)












Click it and Unblock the Notifications