क्या काली हो गई है लोहे की कड़ाही? चुटकियों में साफ करेंगे ये घरेलू देसी उपाय
Clean Cast Iron Pan: लोहे की कड़ाही में बने खाने का स्वाद बहुत ही अलग और स्वादिष्ट होता है। इसमें बनाया हुआ खाना पौष्टिकता से भरपूर होता है। हालांकि लोहे की कड़ाही बहुत जल्दी गंदी और काली हो जाती है। इसके कारण इसमें पकने वाले खाने का रंग भी काला हो जाता है या फिर सब्जी जलने लगती है। इससे बचने के लिए आपकी लोहे की कड़ाही का साफ होना बहुत जरूरी है।
लोहे की कड़ाही को साफ करना बहुत कठिन होता है। पहले के समय में लोग इसे ईंट व राख की मदद से घंटों मांजते थे पर आज का समय बदल गया है। भाग-दौड़ भरी जिंदगी में किसी के पास इतना समय नहीं है कि वह बर्तनों को इस तरह रगड़कर साफ कर सके। आइए आपको बताते हैं कुछ ऐसे आसान तरीकों के बारे में जो आपको जली, काली हो रही और चिकनाई वाली लोहे की कड़ाही को आसानी से चमकाने में मदद करेंगे।

बेकिंग सोडा
काली और जली हुई लोहे की कड़ाही को चमकाने के लिए आप बेकिंग सोडा की मदद ले सकते हैं। इस तरीके को इस्तेमाल करने से आपकी कड़ाही बिल्कुल नई जैसी लगेगी। इसके लिए सबसे पहले आधे भगोने पानी में 2 चम्मच बेकिंग सोडा डाल लें। इसके बाद इसमें नमक डालकर 5 मिनट तक उबालें। अब इस पानी को कड़ाही में डालकर 15 से 20 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद बर्तन धोने वाले स्क्रबर से अच्छे से साफ करें।
नींबू
नींबू का इस्तेमाल कर लोहे के बर्तनों को आसानी से साफ किया जा सकता है। ये सबसे बेस्ट और पुराना तरीका है। इस तरीके के लिए सबसे पहले कड़ाही में 2 गिलास पानी गैस पर गर्म करें। इसके बाद इसमें 3 से 4 चम्मच नींबू का रस, 2 चम्मच कपड़े धोने वाला पाउडर और 1 चम्मच नमक डालें। इसे मीडियम आंच पर उबाल आने तक रखें। इसके बाद गैस बंद करके 5 मिनट तक इंतजार करें। आप देखेंगे कड़ाही अपने आप साफ हो चुकी है।
डिटरजेंट
कपड़े धोने वाले डिटरजेंट से भी आप अपनी काली व गंदी लोहे की कड़ाही को चमका सकते हैं। इसके लिए गर्म पानी में डिटरजेंट व बेकिंग सोडा मिलाएं। इस पानी को कड़ाही में डालकर कम से कम 15 से 20 मिनट के लिए छोड़ दें। जब इस पानी में हल्का काला रंग आने लगे तब इसे स्क्रबर की मदद से रगड़ें। ये कड़ाही का कालापन आसानी से दूर कर देगा।












Click it and Unblock the Notifications