Holi Care Tips: होली के रंग से बच्चों की नाजुक स्किन पर न हो असर, एक हफ्ते पहले से करें खास केयर
Holi Care Tips: होली खुशियों, रंगों और मस्ती का त्योहार है और बच्चों का तो यह पसंदीदा फेस्टिवल होता है। होली पर रंग गुलाल उड़ाने से लेकर पिचकारी चलाने के लिए बच्चों में बहुत क्रेज होता है। हालांकि, इस त्योहार के दौरान बच्चों की नाज़ुक त्वचा को कभी-कभी रंगों से नुकसान भी पहुंचाता है। कई बार केमिकल वाले रंगों के कारण बच्चों को स्किन एलर्जी, रैशेज पड़ने की घटनाएं होती है। इसलिए, त्योहार के रंग में भंग न पड़े, तो पहले से ही पूरी तैयारी करके रख लें।
बाजार में मिलने वाले कई रंगों में केमिकल और कृत्रिम डाई मिलाई जाती हैं, जो स्किन रैश, एलर्जी और खुजली जैसी समस्याएं पैदा कर सकती हैं। ऐसे में अभिभावकों को होली से कम से कम एक हफ्ते पहले से बच्चों की त्वचा की खास देखभाल शुरू कर देनी चाहिए।

Holi Care Tips: एक हफ्ते पहले से क्या करें तैयारी?
सबसे पहले बच्चों की त्वचा को अंदर से हाइड्रेट रखना जरूरी है। उन्हें पर्याप्त पानी, नारियल पानी और मौसमी फलों का सेवन कराएं। इससे स्किन की नैचुरल नमी बनी रहती है। रोज़ाना नहाने के बाद हल्का मॉइस्चराइज़र या नारियल तेल लगाएं, ताकि त्वचा पर एक प्रोटेक्टिव लेयर बन सके। अगर बच्चे की स्किन बहुत संवेदनशील है, तो एक बार पैच टेस्ट जरूर करें। थोड़ा-सा गुलाल हाथ के पीछे लगाकर 10-15 मिनट देखें। किसी तरह की लालिमा या खुजली हो तो उस रंग का इस्तेमाल न करें।
Holi Care Tips For Kids: होली वाले दिन बरतें ये सावधानियां
- होली खेलने से पहले बच्चों के पूरे शरीर पर नारियल तेल या बादाम तेल अच्छी तरह लगाएं। इससे रंग सीधे त्वचा में नहीं समाएगा और बाद में आसानी से निकल जाएगा।
- बच्चों को फुल स्लीव कपड़े और ढीले-ढाले कॉटन आउटफिट पहनाएं। आंखों और होंठों के आसपास वैसलीन की हल्की परत लगा सकते हैं।
- कोशिश करें कि बच्चों को केवल हर्बल या ऑर्गेनिक रंगों से ही खेलने दें। पानी वाले गहरे रंग और पक्के रंगों से बचें, क्योंकि ये त्वचा को ज्यादा नुकसान पहुंचा सकते हैं।
Holi Care: होली के बाद की केयर भी है जरूरी
रंग छुड़ाते समय स्किन को जोर से रगड़ें नहीं। गुनगुने पानी से नहाएं और माइल्ड बेबी साबुन या बेसन-दही के लेप से रंग हटाएं। नहाने के बाद फिर से मॉइस्चराइज़र लगाना न भूलें। अगर खुजली या जलन हो, तो डॉक्टर से सलाह लें। थोड़ी-सी सतर्कता और पहले से की गई तैयारी बच्चों की त्वचा को सुरक्षित रख सकती है। इस होली रंगों के साथ-साथ सेहत का भी ध्यान रखें, ताकि त्योहार की खुशियां लंबे समय तक बनी रहें।












Click it and Unblock the Notifications