NEET-PG 2021: रेजीडेंट डॉक्टरों को राहत, 12 जनवरी से शुरू होगी काउंसलिंग
नई दिल्ली, 9 जनवरी: रेजीडेंट डॉक्टर लंबे वक्त से NEET-PG 2021 काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू करने की मांग कर रहे थे। ये मामला सुप्रीम कोर्ट में भी लंबित था, जहां से शुक्रवार को काउंसलिंग शुरू करवाने का आदेश मिला। इसके बाद रविवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने 12 जनवरी से NEET-PG 2021-22 की काउंसलिंग शुरू करने की घोषणा की। इस फैसले का रेजीडेंट डॉक्टरों के एसोसिएशन ने स्वागत किया है।

स्वास्थ्य मंत्री ने ट्वीट कर लिखा- जैसा कि स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा रेजिडेंट डॉक्टरों को आश्वासन दिया गया है, माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के बाद 12 जनवरी 2022 से मेडिकल काउंसलिंग कमेटी द्वारा NEET-PG काउंसलिंग शुरू की जा रही है। इससे कोरोना के खिलाफ लड़ाई में देश को मजबूती मिलेगी। सभी उम्मीदवारों को मेरी ओर से शुभकामनाएं।
क्या कहा था सुप्रीम कोर्ट ने?
सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को काउंसलिंग शुरू करने के आदेश दिए थे। साथ ही काउंसलिंग में ओबीसी (27 प्रतिशत) और ईडब्ल्यूएस (10 प्रतिशत) आरक्षण को इस सत्र के लिए बरकरार रखा है। उस दौरान कोर्ट ने कहा था कि अभी काउंसलिंग का तुरंत शुरू हो जाना जरूरी है। मार्च महीने पर में मामले पर विस्तार से सुनवाई की जाएगी, तब आगे का फैसला होगा।
हेमंत सोरेन की पत्नी और दोनों बच्चे हुए कोरोना संक्रमित, सामने आए 5 हजार नए मरीज
क्यों परेशान थे रेजीडेंट डॉक्टर?
दरअसल काउंसलिंग में देरी की वजह से नए सेशन में एडमिशन नहीं हो पा रहा था। ऊपर से कोरोना वायरस के केस भी बढ़ते जा रहे हैं। जिस वजह से रेजीडेंट डॉक्टर्स के ऊपर काम का भार बढ़ता गया। इसी वजह से वो लंबे वक्त से प्रदर्शन और कार्य बहिष्कार भी कर रहे थे। वहीं दिसंबर के अंत में जब डॉक्टरों ने दिल्ली में बड़े प्रदर्शन का आह्वान किया था, तो उस दौरान दिल्ली पुलिस के साथ उनकी झड़प भी हुई थी। जिस वजह से सैकड़ों डॉक्टरों को हिरासत में भी लिया गया था। हालांकि बाद में सभी रिहा कर दिए गए।