WhatsApp चैट की निगरानी करेगी सरकार? Fact Check में सामने आई हकीकत
fake news buster,fake,फर्जी,pib,whatsapp,व्हाट्सएप,chat
WhatsApp Chat की निगरानी के संबंध में आई रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि सरकार अब यूजर्स के मैसेज नजर रख सकेगी। दावे किए गए कि व्हाट्सएप में अलग-अलग टिक मार्क के मायने अलग हैं।
अब व्हाट्सएप का कहना है कि उसकी चैट 'एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड' हैं, जिसका अर्थ है कि बातचीत में शामिल केवल दो व्यक्ति ही जो भेजा गया है उसे पढ़ या सुन सकते हैं।

सरकार ने उस वायरल दावे को खारिज कर दिया है जिसमें यूजर्स को व्हाट्सएप पर टेक्स्ट भेजते या रिसीव करते समय अलग-अलग चेक मार्क या टिक के अर्थ को लेकर गलत तरीके से सचेत किया गया था।
दरअसल, एक वायरल संदेश में दावा किया जा रहा है कि सरकार ने कथित तौर पर चैट की निगरानी के लिए नए व्हाट्सएप दिशानिर्देश जारी किए हैं। सरकार ने फैक्ट चेक में प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) के माध्यम से इस दावे को खारिज कर दिया है।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि "व्हाट्सएप चैट पर तीन टिक दिखने का मतलब चैट की निगरानी" का दावा फर्जी है। सरकार ने साफ किया कि इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म- व्हाट्सएप को कोई दिशानिर्देश जारी नहीं किया गया।
व्हाट्सएप संदेश की निगरानी से जुड़े वायरल संदेश में कथित तौर पर दावा किया गया है कि व्हाट्सएप चैट पर एक चेक या टिक का मतलब है कि संदेश सफलतापूर्वक भेजा गया है। डबल टिक का मतलब है इसे वितरित किया गया है। टिक के नीले होने का मतलब है कि चैट पढ़ी गई है।
'वायरल दावा झूठा है'
वायरल संदेश में दावा किया गया है कि यदि टिक "तीन नीले टिक" में बदल जाते हैं तो इसका मतलब है कि चैट सरकार की नजर में है। दो नीले और एक लाल टिक का मतलब है कि सरकार यूजर्स के खिलाफ कार्रवाई कर सकती है।
"एक नीला और दो लाल टिक" का मतलब है कि सरकार यूजर के डेटा की स्क्रीनिंग कर रही है; और "तीन लाल टिक" का मतलब है कि व्हाट्सएप यूजर के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्हें कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
इन दावों को खारिज करते हुए पीआईबी फैक्ट चेक में सामने आया, "यह संदेश फर्जी है। सरकार ने ऐसी कोई गाइडलाइन जारी नहीं की है।" गौरतलब है कि यह वायरल दावा पिछले साल अगस्त में भी सामने आया था और पीआईबी ने इसे खारिज कर दिया था।
निगरानी के दावों के बीच मेटा के स्वामित्व वाले प्लेटफ़ॉर्म- व्हाट्सएप का कहना है कि उसकी चैट 'एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड' हैं। "व्हाट्सएप के एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन का उपयोग तब किया जाता है जब आप व्हाट्सएप मैसेंजर का उपयोग करके किसी अन्य व्यक्ति से चैट करते हैं।
एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन यह सुनिश्चित करता है कि केवल आप और जिस व्यक्ति के साथ आप चैटिंग कर रहे हैं केवल वही मैसेज को पढ़ या सुन सके। दो यूजर्स के बीच और कोई भी नहीं होता, यहां तक कि व्हाट्सएप भी नहीं।
व्हाट्सएप ने साफ किया कि एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन' मैसेजिंग प्लेटफॉर्म का ऐसा फीचर है जो सभी यूजर्स को मिलता है। व्यक्तिगत व्हाट्सएप चैट को सुरक्षित करने के लिए किसी विशेष सेटिंग्स की जरूरत नहीं पड़ती।

Fact Check
दावा
दावा है कि सरकार अब व्हाट्सएप यूजर्स के चैट की निगरानी करेगी।
नतीजा
सरकार ने उस वायरल दावे को खारिज कर दिया है जिसमें कहा गया कि सरकार अब संदेशों की निगरानी कर सकेगी। दावे चैट के दौरान टिक मार्क के संबंध में किया गया।












Click it and Unblock the Notifications