Fact Check: क्या लोकसभा चुनावों में रवीना टंडन ने की कांग्रेस को वोट देने की अपील? जानें वायरल वीडियो का सच
Fact Check News: लोकसभा चुनाव 2024 के सियासी दौर में सोशल मीडिया पर भी जमकर राजनीतिक दलों के सपोर्ट में प्रचार किया जा रहा है। ऐसे में अब बॉलीवुड एक्ट्रेस रवीना टंडन (Raveena Tandon) की एक वीडियो तेजी से वायरल हो रही है, जिसको लेकर दावा किया जा रहा है कि अभिनेत्री लोकसभा चुनाव 2024 में कांग्रेस को वोट देने की अपील कर रही है।
दरअसल, दूसरे चरण के मतदान (26 अप्रैल) के दौरान एक्स (ट्वीटर) पर कई यूजर्स ने रवीना टंडन का वीडियो शेयर करते हुए दावा किया कि उन्होंने कांग्रेस को सपोर्ट करते हुए जीत का भरोसा जताया है। ऐसे में क्या है इस वायरल वीडियोकी सच्चाई? जानिए

जानिए वीडियो में क्या कह रहीं रवीना?
एक्स पर पोस्ट की गई वायरल वीडियो में एक्ट्रेस रवीना टंडन को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि,"मैं चाहती हूं कि इस बार थोड़ी जीत कांग्रेस की भी हो, इसलिए मैं उनको सपोर्ट करने आई हूं, पूरे देश को विकास की जरूरत है, और हमारे देश के भलाई के लिए कुछ हो सके तो मैं ऑलवेज वहां पहुंचूंगी।"
इस क्लिप को शेयर करते हुए कई यूजर्स ने कैप्शन में दावा करते हुए लिखा है कि लोकसभा चुनाव 2024 में रवीना टंडन कांग्रेस को सपोर्ट कर रही हैं। हालांकि जब एक्ट्रेस की इस वीडियो की पड़ताल की तो मामला पूरी तरह से उलट नजर आया।
लोकसभा चुनाव 2024 का नहीं है वीडियो
वीडियो की जब जांच की गई तो पता लगा कि यह वीडियो इस लोकसभा चुनाव 2024 का नहीं है। बल्कि 2012 के चुनावों का है, जब गुजरात में विधानसभा चुनावों से पहले एक्ट्रेस रवीना टंडन ने कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार करने आईं थी।
गुजरात में प्रचार करने गईं थी एक्ट्रेस
रवीना टंडन के रोड शो का एक वीडियो एबीपी न्यूज के यूट्यूब चैनल पर मिला है, जो कि 12 दिसंबर 2012 का है, जिसमें रवीना टंडन का वो ही बयान सुनाई दे सकता है, जो कि बाइट के तौर पर सोशल मीडिया पर वायरल दावे के साथ शेयर की गई है।
देखिए 2012 का पुराना वीडियो
एबीपी की रिपोर्ट के मुताबिक रवीना टंडन ने वडोदरा में कांग्रेस के लिए प्रचार किया था। उन्होंने अकोटा विधानसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार ललित पटेल के लिए रोड शो किया और कांग्रेस के पक्ष में अपना वोट करने की अपील भी की थी।

Fact Check
दावा
दावा किया जा रहा है कि एक्ट्रेस रवीना टंडन ने कांग्रेस को सपोर्ट करने की बात कही है।
नतीजा
वायरल वीडियो साल 2012 गुजरात विधानसभा चुनाव का है, उस वक्त एक्ट्रेस ने कांग्रेस उम्मीदवार के समर्थन में प्रचार किया था।












Click it and Unblock the Notifications