Ram Mandir Ayodhya: बाबरी वाली जगह से 3 किलोमीटर दूर बना है राम मंदिर? जानिए वायरल गूगल मैप का सच
Babri Masjid and Ram Mandir distance: अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाली राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा से पहले आज से 7 दिवसीय अनुष्ठान शुरू हो गया है। प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तैयारियां भी लगभग पूरी हो चुकी हैं।
लेकिन, इस बीच सोशल मीडिया पर राम मंदिर को लेकर एक बड़ा दावा सामने आया है। इस दावे में कहा जा रहा है कि राम मंदिर को बाबरी मस्जिद से तीन किलोमीटर दूर बनाया गया है।

वायरल गूगल मैप के स्क्रीन शॉट में क्या है?
सबसे पहले आपको बताते हैं कि सोशल मीडिया पर लोग इस दावे के बारे में क्या लिख रहे हैं। एक्स (ट्विटर) पर मनीष आरजे नाम के यूजर ने गूगल मैप का एक स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा, 'गूगल मैप दो अलग-अलग जगह दिखा रहा है, एक वो जहां बाबरी मस्जिद पहले मौजूद थी और दूसरी वो जहां अब राम मंदिर बन रहा है। तो फाइनली, मंदिर वहीं नहीं बनाया गया है। उम्मीद है कि विपक्ष इस मुद्दे को बड़े स्तर पर उठाएगा।'
संजय राउत ने भी उठाया सवाल
इसी बीच शिवसेना (उद्धव गुट) के सांसद संजय राउत ने भी बयान देते हुए कहा, 'मंदिर को अगर 3 किलोमीटर दूर ही बनाना था, तो फिर मस्जिद क्यों गिराई? हिंदुओं और मुस्लिमों के बीच नफरत क्यों फैलाई गई? अब ये साफ हो गया कि इसके पीछे सिर्फ और सिर्फ राजनीति है।' वहीं हरियाणा कांग्रेस के महासचिव विकास बंसल ने भी संजय राउत के बयान का वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा कि हम हिंदुओं को देशहित में धर्म के नाम पर की जा रही इस राजनीति का विरोध करना ही चाहिए।
क्या मंदिर वहीं नहीं बनाया जा रहा?
अब जानते हैं कि इस दावे में कितनी सच्चाई है? क्या वाकई राम मंदिर को उस जगह पर नहीं बनाया गया, जहां पहले बाबरी मस्जिद थी? क्या वास्तव में बाबरी मस्जिद के स्थान से तीन किलोमीटर दूर जाकर राम मंदिर बनाया गया है? सोशल मीडिया पर शेयर हो रहे गूगल मैप में जो दावा किया जा रहा है, वो कितना सच है? तो आपको बता दें कि इस मामले का जब फैक्ट चेक किया गया तो ये दावा झूठा पाया गया?
क्या है वायरल गूगल मैप का सच?
ऑल्ट न्यूज के फैक्ट चेक के मुताबिक, वायरल गूगल मैप में जिस पहली जगह को राम मंदिर बताया जा रहा है, वो बिल्कुल सही है। लेकिन, जिस दूसरी जगह को बाबरी मस्जिद वाली जगह बताया जा रहा है, वो पूरी तरह गलत है। दरअसल, वो अयोध्या में बना सीता राम बिरला मंदिर है, जिसे बाबरी मस्जिद वाली जगह बताकर झूठा दावा किया जा रहा है। मतलब साफ है कि सोशल मीडिया पर किया जा रहा दावा गलत है और राम मंदिर को उसी जगह पर बनाया गया है, जहां पहले बाबरी मस्जिद थी।

Fact Check
दावा
सोशल मीडिया पर कहा जा रहा है कि राम मंदिर को बाबरी वाली जगह से दूर जाकर बनाया गया है।
नतीजा
दावा गलत है, राम मंदिर को बाबरी वाली जगह पर ही बनाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications