Fact Check: कर्नाटक में कांग्रेस की जीत के बाद लहराए पाकिस्तानी झंडे? जानें Viral Video का सच
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रही है, जिसमें दावा किया गया है कि कर्नाटक के भटकल में कांग्रेस की जीत के बाद पाकिस्तान के झंडे फहराए गए।

कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने कुल 224 सीटों में से 135 सीटों पर कब्जा जमाया है। 13 मई को आए चुनाव परिणाम के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं के जश्न के कई वीडियो सामने आए। इसी बीच एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसको लेकर दावा किया गया कि कर्नाटक में कांग्रेस की जीत के बाद पाकिस्तान के झंडे लहराए गए। ऐसे में क्या है वायरल वीडियो की सच्चाई , जानिए?
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले के भटकल का बताया जा रहा है। इस वीडियो को बीजेपी आईटी हेड अमित मालवीय ने ट्वीट किया, जिसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, "भटकल...कर्नाटक में कांग्रेस की जीत के तुरंत बाद।"
इसी के साथ इस वीडियो को लेकर कई और यूजर्स ने शेयर करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक चौराहे पर बने स्ट्रक्चर पर चढ़कर झंडा फहरा रहा है। वायरल वीडियो में जहां शख्स हरे रंग के झंडे के साथ गोलंबरनुमा आकृति के पास खड़ा है। तो वीडियो में हिंदू धार्मिक प्रतीक ओम के साथ एक भगवा झंडा और बीआर आंबेडकर के चेहरे वाला एक नीला झंडा भी दिखाई दे रहा है।
इस वीडियो को लेकर ऑल्ट न्यूज के फैक्ट चेक रिपोर्ट के मुताबिक यह वायरल ऑथेंटिक नहीं हैं। इसी के साथ ये वीडियो न्यूज 18 कन्नड़ के यूट्यूब चैनल पर भी अपलोड है। जो कि 13 मई का भटकल के शमशुद्दीन सर्कल का है। जहां युवक हाथ में इस्लामिक झंडा लेकर सर्कल पर खड़ा है।

वीडियो में इस्लामी झंडे को लहराते हुए देखा जा रहा है ना कि पाकिस्तान के झंडे को। वीडियो में दिखने वाला झंडा पाकिस्तान नहीं, बल्कि इस्लामिक झंडा है। सोशल मीडिया पर इससे पहले भी कई दफा इस तरह के झंडे को पाकिस्तानी का बताकर लोगों को भ्रमित किया गया है।

Fact Check
दावा
दावा किया जा रहा है कि कर्नाटक में कांग्रेस की जीत के बाद पाकिस्तान के झंडे फहराए गए।
नतीजा
यह दावा पूरी तरह से भ्रामक है। यह पाकिस्तान का नहीं इस्लामिक झंडा है।












Click it and Unblock the Notifications