रक्षा मंत्रालय ने आशुतोष शर्मा के वायरल मैसेज को बताया फर्जी, भाप से कोरोना को दूर करने का किया जा रहा था दावा
नई दिल्ली, 26 अप्रैल। कोरोना वायरस के बचाव के लिए सोशल मीडिया से लेकर असल जिंदगी में लोगों के द्वारा कई देसी नुस्खों को अपनाने का दावा किया जाता रहा है। ऐसा ही एक दावा पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म वॉट्सऐप पर किया जा रहा है। दरअसल, वॉट्सऐप पर एक मैसेज बहुत तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ये दावा किया गया है कि बेंगलुरु में एयर वाइस मार्शल आशुतोष शर्मा ने कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए भाप लेने की सलाह दी है। इस वायरल मैसेज को लेकर बकायदा रक्षा मंत्रालय को अब सफाई देनी पड़ी है।

कोरोना के लक्षण हों तो, लें डॉक्टर की सलाह- रक्षा मंत्रालय
रक्षा मंत्रालय ने एक बयान जारी कर बताया है कि बेंगलुरु में कोई एयर मार्शल आशुतोष शर्मा नहीं हैं और ना ही उन्होंने ऐसी कोई सलाह दी है, कथित रूप से एयर वाइस मार्शल आशुतोष शर्मा के मैसेज से हमारा कोई लेना-देना नहीं है। लोगों को ये सलाह दी जाती है कि अगर किसी को कोरोना संक्रमण होता है तो डॉक्टर की सहायता लेनी चाहिए।
पीरियड्स में वैक्सीन नहीं लेने का किया जा रहा था दावा
आपको बता दें पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया से लेकर आम आदमी की असल जिंदगी में भी कोरोना को लेकर कई दावे ऐसे किए गए हैं, जो बाद में फेक निकले हैं। ऐसा ही एक दावा पिछले दिनों किया जा रहा था कि महिलाओं को पीरियड्स के दौरान वैक्सीन नहीं लगवानी चाहिए, क्योंकि उस समय इम्युनिटी कम रहती है। सोशल मीडिया पर चल रही पोस्ट का दावा है कि महिलाओं को अपने पीरियड्स के 5 दिन पहले और बाद में कोरोना की वैक्सीन नहीं लेना चाहिए। इस दौरान वैक्सीन लेने पर शरीर की प्रतिरोधक क्षमता कम हो जाएगी, जिससे खतरा हो सकता है। PIB ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया।

Fact Check
दावा
वायरल मैसेज में कोरोना से बचाव के लिए भाप लेने का दावा
नतीजा
कोरोना के लक्षण होने पर डॉक्टर से ली जाए सलाह












Click it and Unblock the Notifications