Fact Check: CM हिमंत बिस्वा सरमा और उनकी बेटी मुस्लिम युवक के साथ? वायरल तस्वीर की सच्चाई जानकर चौंक जाएंगे
Fact Check: सोशल मीडिया पर एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा अपनी बेटी सुकन्या के साथ एक युवक के साथ नजर आ रहे हैं। युवक के सिर पर धार्मिक टोपी दिखाई दे रही है, जिसके बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह के दावे किए जाने लगे।
कई यूजर्स यह सवाल उठा रहे हैं कि आखिर मुख्यमंत्री और उनकी बेटी इस मुस्लिम युवक से क्यों मिल रहे हैं। कुछ पोस्ट में तो इसे निजी रिश्तों और राजनीति से जोड़कर भी पेश किया गया। लेकिन क्या यह तस्वीर असली है? हमारी फैक्ट चेक पड़ताल में इसकी पूरी सच्चाई सामने आई है।

वायरल दावा क्या है?
फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यह दावा किया जा रहा है कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की बेटी का एक मुस्लिम युवक से रिश्ता है। फेसबुक यूजर शाहिद अहमद ने 30 जनवरी 2026 को पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि मुख्यमंत्री की बेटी मुंबई में एक मुस्लिम युवक के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहती हैं और इसी वजह से हिमंत बिस्वा सरमा सार्वजनिक मंचों पर मियां और लव जिहाद जैसे मुद्दों पर बयान देते हैं। इस पोस्ट के साथ वही वायरल तस्वीर लगाई गई, जिसे सच बताने की कोशिश की गई। (यहां पोस्ट आप देख सकते हैं)

तस्वीर पहली नजर में क्यों शक पैदा करती है?
वायरल फोटो में मुख्यमंत्री और उनकी बेटी एक युवक के साथ खड़े दिखाई देते हैं, जिसके सिर पर धार्मिक टोपी है। फोटो को इस तरह पेश किया गया है कि देखने वाले को लगे कि यह किसी निजी मुलाकात की तस्वीर है। राजनीतिक माहौल और पहले से चल रही बहसों की वजह से कई लोगों ने बिना जांच के इस दावे पर भरोसा कर लिया।
पड़ताल कैसे की गई?
इस दावे की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले वायरल तस्वीर को गूगल लेंस की मदद से सर्च किया गया। सर्च करने पर यही तस्वीर असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा के फेसबुक अकाउंट पर मिली। तस्वीर 5 सितंबर 2025 को शेयर की गई थी। इस तस्वीर को शेयर कर असमिया (Assamese) भाषा में हिमंत बिस्वा सरमा ने कैप्शन लिखा था, ''आज मुंबई में अपनी बेटी सुकन्या के साथ मौजूदा समय के लोकप्रिय अभिनेता कार्तिक आर्यन से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिभाशाली अभिनेता को उनके शानदार अभिनय सफर के लिए शुभकामनाएं दीं।''
आगे जांच में यह तस्वीर कई अन्य सोशल मीडिया अकाउंट्स पर भी उसी तारीख के आसपास मिली, जहां साफ तौर पर देखा जा सकता है कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और उनकी बेटी सुकन्या की मुलाकात कार्तिक आर्यन से हुई थी।
AI एडिटिंग से कैसे बदली गई तस्वीर?
पड़ताल में सामने आया कि वायरल की जा रही फोटो को AI तकनीक की मदद से एडिट किया गया है। असली तस्वीर में कार्तिक आर्यन मौजूद थे, लेकिन उनके चेहरे और हुलिए को बदलकर टोपी पहने मुस्लिम युवक की शक्ल जोड़ दी गई। इसी बदली हुई तस्वीर को गलत दावे के साथ सोशल मीडिया पर फैलाया गया।

बीजेपी नेता और मुख्यमंत्री की प्रतिक्रिया क्या है?
इस मामले पर बीजेपी असम के को कन्वीनर रोन बिकाश गौरव के एक्स अकाउंट @RonBikashGaurav पर भी एक पोस्ट सामने आई। उन्होंने 30 जनवरी 2026 को वायरल तस्वीर और असली तस्वीर को साथ में शेयर करते हुए पूरे दावे को फर्जी बताया। उन्होंने लिखा कि यह तस्वीर AI से छेड़छाड़ कर बनाई गई है और इसके जरिए गलत जानकारी फैलाई जा रही है।
उन्होंने पोस्ट में लिखा, "कांग्रेस की राजनीति का सबसे निचला स्तर! बार-बार हिमंत बिस्वा सरमा और उनकी पत्नी को निशाना बनाने के बाद अब कांग्रेस ने गंदी राजनीति में एक नाबालिग बच्चे को घसीटकर और भी शर्मनाक कदम उठाया है। उन्होंने बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन के चेहरे को लगाकर एआई के जरिए फोटो में हेरफेर किया और एक फर्जी व भ्रामक तस्वीर फैलाई है।"
एक्स प्लेटफॉर्म पर भी कई यूजर्स ने इस तस्वीर को फर्जी बताया है। कुछ यूजर्स ने इसे राजनीति से प्रेरित दुष्प्रचार करार दिया और कहा कि एक नाबालिग बच्चे को राजनीति में घसीटना बेहद गलत है।
निष्कर्ष क्या है?
हमारी फैक्ट चेक में यह साफ हो गया है कि सोशल मीडिया पर वायरल की जा रही तस्वीर और उससे जुड़ा दावा पूरी तरह फर्जी है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और उनकी बेटी किसी मुस्लिम युवक से नहीं मिले थे। वायरल फोटो AI तकनीक से एडिट की गई है। असली तस्वीर में उनके साथ बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन मौजूद थे। सोशल मीडिया पर किसी भी तस्वीर या दावे पर भरोसा करने से पहले उसकी सच्चाई जांचना बेहद जरूरी है।

Fact Check
दावा
दावा: हिमंत बिस्वा सरमा और उनकी बेटी ने मुस्लिम लड़के से मुलाकात की है।
नतीजा
वायरल दावा झूठा है। तस्वीर एडिटेड है और इसे गलत जानकारी फैलाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications