Fact Check: सोशल मीडिया पर दिल्ली की आग का झूठा सांप्रदायिक एंगल, वीडियो करवा रहे वायरल
भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनावपूर्ण माहौल के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि "भारतीय मुसलमानों ने दिल्ली में आगजनी शुरू कर दी है।" यह दावा पूरी तरह से फ़र्ज़ी और भ्रामक है।
सरकारी सूचना संस्था PIB Fact Check ने इस वायरल वीडियो की सच्चाई सामने लाते हुए स्पष्ट किया है कि यह वीडियो वास्तव में 30 अप्रैल 2025 की शाम दिल्ली के आईएनए क्षेत्र में स्थित दिल्ली हाट बाजार में लगी आग का है। इस घटना का कोई सांप्रदायिक संबंध नहीं है।

PIB ने चेतावनी दी है कि यह वीडियो एक सुनियोजित दुष्प्रचार अभियान का हिस्सा है, जिसका मकसद जनता को गुमराह करना और समाज में सांप्रदायिक तनाव फैलाना है। खासकर जब भारत-पाक संबंधों में खटास चल रही है, ऐसे में इस प्रकार की झूठी सूचनाएं आंतरिक शांति और एकता के लिए खतरा बन सकती हैं।
PIB ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर साझा की जा रही किसी भी सूचना को बिना सत्यापन के आगे न बढ़ाएं, और केवल सरकारी या अधिकृत स्रोतों से प्राप्त तथ्यात्मक जानकारी पर ही भरोसा करें।












Click it and Unblock the Notifications