Fact Check: दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' के Viral Video की सच्चाई, क्या सच में AI जनरेट है वीडियो?
Viral Video of Dinesh Lal Yadav 'Nirahua' Fact Check: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ का एक वीडियो सोमवार सुबह से ही सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। विपक्षी दलों के नेताओं द्वारा भी इसे शेयर किया जाने लगा। वीडियो जब भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के सामने आया तो इसका खंडन किया गया।

दिनेश लाल यादव निरहुआ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इस वीडियो को शेयर करते हुए कांग्रेस के नेता श्रीनिवास बीवी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक पर मजे लेते हुए लिखा " तो क्या मोदी योगी ने इसलिए बच्चे पैदा नहीं किये?"
उसके बाद दिनेश लाल यादव निरहुआ सामने तो नहीं आए लेकिन उन्होंने ट्वीट करते हुए बताया कि वीडियो फर्जी है, यह उनके खिलाफ षड्यंत्र है। दिनेश लाल यादव निरहुआ द्वारा लिखा गया कि "फेक वीडियो प्रमोट करने का ट्रेंड हो गया है @INCIndia वालों का, कोई भी देखकर समझ जाएगा कि ओंठ कुछ और बोल रहा है। AI से साउंड क्लोन करके क्या साबित करना चाहते हैं @srinivasiyc . @ECISVEEP कृपया संज्ञान लें।" हालांकि बाद में दिनेश लाल यादव ने खुद अपना कमेंट डिलीट कर दिया।
अब आईए जानते हैं कि वायरल वीडियो में क्या है?
दरअसल, वायरल वीडियो में आजमगढ़ से भाजपा प्रत्याशी और मौजूदा सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ यह कहते हुए सुन जा रहे हैं कि "बेरोजगारों को लेकर कह रहे हैं कि जब आप बेरोजगार हैं तो फिर आठ बच्चे क्यों पैदा कर रहे हैं। हमारे प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री द्वारा इस बात को ध्यान में रखते हुए बच्चे पैदा नहीं किया गया।"
सोशल मीडिया पर महज 58 सेकंड का वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो पर भारतीय जनता पार्टी के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय द्वारा भी इस वीडियो को डीपफेक वीडियो करार दिया गया है।
भारतीय जनता पार्टी के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय द्वारा सोशल साइट एक्स पर यह भी लिखा गया कि सोशल मीडिया पर इसे वायरल करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
इस रिपोर्टर का दावा, उसने बनाया है वीडियो
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद इसकी पड़ताल की गई तो कई बात सामने आई। इसे समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं द्वारा सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल किया गया।
सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर दिनेश लाल यादव निरहुआ का वीडियो वायरल किया गया है लेकिन इस वीडियो का कोई सोर्स नहीं बताया गया है। ऐसे में प्रथम दृश्यता तो यही पता चला कि यह वीडियो AI जेनरेटेड है।
वीडियो की सच्चाई तलाश करते समय हमारे सामने यूट्यूब वीडियो का एक लिंक आया जो 13 अप्रैल को यूट्यूब पर अपलोड किया गया था। यूट्यूब पर SoulUpHindi नाम के चैनल पर अभी भी यह वीडियो मौजूद है।
वहीं इसके बारे में जब सोशल साइट एक्स पर सर्च किया गया तो चैनल को ऑपरेट करने वाले संतोष कुशवाहा द्वारा एक्स पर इसका लिंक भी शेयर किया गया था। लिंक शेयर करते हुए SoulUpHindi द्वारा लिखा गया है कि इसी वीडियो को भाजपा बता रही है फेक।
फिलहाल यूट्यूब पर अपलोड हुआ यह वीडियो 11 मिनट 51 सेकंड का है। इस वीडियो के अंत में भाजपा सांसद और प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ द्वारा जो कुछ कहा गया है वही वायरल हो रहा है।
यह वीडियो यूट्यूब चैनल पर 13 अप्रैल 2024 को यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया गया था। ऐसे में यह बात स्पष्ट होती है कि इसी वीडियो के क्लिप को सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है।
इस बारे में खुद भाजपा सांसद और प्रत्याशी ने सोमवार रात 8:52 बजे एक्स पर मैसेज शेयर करते हुए SoulUpHindi यूट्यूब चैनल पर अपलोड हुए वीडियो का लिंक शेयर किया। हालांकि दिनेश लाल खुद इस वीडियो को AI जनरेटेड बता रहे थे लेकिन रात में खुद इस वीडियो को रियल बताया। उन्होंने एक्स पर लिंक शेयर करते हुए लिखा है कि "पूरा वीडियो कुछ और है। वीडियो को अपने हिसाब से कट करना और एडिट करना ठगबंधन की तुष्टिकरण की राजनीति व बौखलाहट को दर्शाता है।"
SoulUpHindi के रिपोर्टर ने वीडियो को बताया रियल
वहीं इस बारे में वन इंडिया रिपार्टर प्रवीन कुमार यादव ने SoulUpHindi यूट्यूब चैनल पर दिए गए नंबर को डायल कर चैनल चलाने वाले संतोष कुशवाहा से बात किया तो उन्होंने बताया कि यह वीडियो उनके द्वारा ही बनाया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि 13 अप्रैल को दिनेश लाल यादव निरहुआ आजमगढ़ के सठियांव बाजार के समीप चौहान बस्ती में जनसंपर्क करने जा रहे थे।
इसी दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बने अंडरपास के समीप संतोष ने उनसे बात की थी। संतोष ने यह भी कहा कि इस दौरान कैमरा उनके साथ के रिपोर्टर सत्यानंद स्वामी चला रहे थे। सत्यानंद स्वामी भी सत्या एक्सप्रेस के नाम से अपना यूट्यूब चैनल चलाते हैं।

Fact Check
दावा
आजमगढ़ सांसद और प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ का वायरल वीडियो AI जनरेटेड बताया गया। वीडियो वायरल करने वालों पर मुकदमा कराने की बात भी कही गई।
नतीजा
पड़ताल में पाया गया कि वायरल वीडियो को SoulUpHindi यूट्यूब् चैनल पर अपलोड किया गया है। चैनल के रिपोर्टर संतोष कुशवाहा ने बताया कि वीडियो उसने ही बनाया है और AI जनरेटेड नहीं बल्कि रियल वीडियो है।












Click it and Unblock the Notifications