Fact Check: क्या राहुल गांधी ने कबूल की भाजपा सांसदों को धक्का देने की बात? जानें वायरल वीडियो का सच
Fact Check News: राहुल गांधी और भाजपा सांसदों के बीच धक्का-मुक्की का मामला बढ़ता ही जा रहा है। इस धक्का-मुक्की में भाजपा के दो सांसद भी घायल हुए हैं। दोनों सांसदों को इलाज के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडिया वायरल हो रहा है।
इस वायरल वीडियो में ऐसा दावा किया जा रहा है कि राहुल गांधी ने खुद धक्का देने की बात स्वीकार की है। आजतक की खबर के मुताबिक, इस वीडियो को भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर और तेजस्वी सूर्या ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर शेयर किया है। वायरल वीडियो में राहुल गांधी मीडिया से बात करते हुए नजर आ रहे है।

अनुराग ठाकुर ने शेयर किया वीडियो
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'राहुल गांधी खुद मान रहे हैं कि उन्होंने धक्कामुक्की की है और बड़ी बेशर्मी से कह रहे हैं कि धक्का मुक्की से कुछ नहीं होता। इनके धक्के से एक वरिष्ठ सांसद का सर फट गया, दो सांसद अस्पताल में भर्ती हैं और राहुल कह रहे धक्के से कुछ नहीं होता। अहंकार, अत्याचार और तानाशाही गांधी परिवार के रगों में दौड़ती है...शर्मनाक।'
वायर वीडियो में क्या बोल रहे राहुल गांधी?
दरअसल, सोशल मीडिया पर जो वीडियो सामने आया है उसमें राहुल गांधी संसद परिसर के अंदर मीडिया से बात कर रहे है। वो कहते हैं, देखिए-देखिए, हां-हां किया है..किया है। मगर ठीक है, ठीक है कोई धक्का-मुक्की से हमें कुछ होता नहीं हैं।' यह वायरल वीडियो सोशल मीडिया एक्स, फेसबुक पर कई लोगों ने शेयर किया है।
अधूरा है राहुल गांधी का वायरल वीडियो
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राहुल गांधी के वायरल वीडियो का जब फैक्ट चेक किया गया तो पाया कि ये वीडियो अधूरा है। पूरे वीडियो में वो असल में बीजेपी सांसदों पर आरोप लगा रहे हैं कि उनके साथ और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ धक्का-मुक्की की गई। लेकिन, उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।
राहुल गांधी का पूरा वीडियो 1 मिनट का है..
दरअसल, वायरल वीडियो पर न्यूज़ एजेंसी एएनआई का लोगो लगा हुआ है। इसके आधार पर एएनआई के आधिकारी एक्स हैंडल पर चेक किया गया तो राहुल गांधी का पूरा वीडियो मिल गया। यह वीडियो 1 मिटन का है, जबकि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो 17 सेकंड का है। यानी, यह वीडियो एडिट किया हुआ है, जो वायरल हो रहा है।
निष्कर्ष: सोशल मीडिया पर राहुल गांधी का वायरल हो रहा 17 सेकंड का वीडियो अधूरा है। पूरे वीडियो में राहुल गांधी ने भाजपा सांसदों पर उनके और मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ धक्का-मुक्की करने का आरोप लगाया है।

Fact Check
दावा
वायरल वीडियो में राहुल गांधी ने सदन में भाजपा सांसदों को धक्का देने की बात स्वीकार कर ली?
नतीजा
सोशल मीडिया पर राहुल गांधी का वायरल हो रहा 17 सेकंड का वीडियो अधूरा है। पूरे वीडियो में राहुल गांधी ने भाजपा सांसदों पर उनके और मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ धक्का-मुक्की करने का आरोप लगाया है।












Click it and Unblock the Notifications