Fact Check: क्या पुतिन ने भारत को दी धमकी, कहा- 'यूक्रेन को बचाने आया तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहे'
Fact Check: क्या पुतिन ने भारत को दी धमकी, कहा- 'यूक्रेन को बचाने आया तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहे'
नई दिल्ली, 01 मार्च: रूस और भारत के रिश्ते लंबे समय से काफी अच्छे रहे है। रूस लंबे समय से भारत का सहयोगी है। रूस और यूक्रेन के बीच जंग जारी है, ऐसे में कई पर्यवेक्षक यह जानने के लिए उत्सुक थे कि दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र भारत अपने शक्तिशाली मित्र रूस द्वारा यूक्रेन पर पूर्ण पैमाने पर आक्रमण पर कैसे प्रतिक्रिया देगा। भारत ने तीसरी बार रूसी आक्रमण के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव पर मतदान करने से परहेज किया है। हालांकि भारत ने इसी के साथ दोनों देशों के बीच शांतिपूर्ण तरीके से इस समस्या को हल करने के लिए कहा है। इसी बीच सोशल मीडिया पर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के हवाले से एक दावा किया जा रहा है, जिसमें कहा जा रहा है कि पुतिन ने भारत को यूक्रेन से जंग के बीच हस्तक्षेप पर परिणाम भुगतने की धमकी दी है। आइए जानें इस दावे में कितनी सच्चाई है?

क्या सच में पुतिन ने दी भारत को धमकी?
सोशल मीडिया पर एक न्यूज रिपोर्ट का स्क्रीनशॉट वायरल हो रहा है। ये स्क्रीनशॉट सीएनएन की रिपोर्ट की है। सीएनएन की रिपोर्ट में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के हवाले से कहा गया है, "भारत को हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए, अन्यथा परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहना चाहिए।" इसी स्क्रीनशॉट को शेयर कर कई लोगों ने सोशल मीडिया पर दावा किया है कि पुतिन ने कहा है कि अगर भारत यूक्रेन को बचाने गया तो रूस से उसको अंजाम भुगतने की धमकी मिली है।''

जानें क्या है इस दावे का सच?
इंडिया टुडे के एंटी-फेक न्यूज वॉर रूम ने दावा किया है कि सीएनएन ने ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं दिखाई है। इंडिया टुडे के एंटी-फेक न्यूज वॉर रूम के मुताबिक ये दावा गलत है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही समाचार रिपोर्ट का स्क्रीनग्रैब एडिट कर बनाया गया है। यूक्रेन में युद्ध को लेकर पुतिन से भारत के लिए खतरा साबित करने वाली कोई विश्वसनीय रिपोर्ट नहीं है।

क्या अपने भाषण ने पुतिन ने भारत का जिक्र किया है?
24 फरवरी को शुरू हुए आक्रमण के समय से अब तक रूस या रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा दिए गए भाषण या संबोधन में भारत का जिक्र नहीं किया गया है। वहीं यूक्रेन की सरकार की ओर से किसी भी अधिकारिक भाषण में भारत का जिक्र नहीं है।
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा एक बार भी भाषण में भारत का उल्लेख नहीं किया गया था। उनकी चेतावनी सामान्य रूप से दुनिया के लिए थी और किसी देश का नाम विशेष रूप से नहीं था।

PM मोदी ने रूसी राष्ट्रपति से टेलीफोन पर की थी बात
भारत के साथ संवाद की पुष्टि करने वाले रूसी बयान में नाराजगी का कोई स्वर नहीं था। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और पीएम मोदी के बीच बातचीत हुई, उसमें कहा गया है, ''भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्टीकरण के लिए व्लादिमीर पुतिन को धन्यवाद दिया और वर्तमान में यूक्रेन में रहने वाले भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहायता के लिए कहा। रूस के राष्ट्रपति ने कहा कि आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। दिसंबर 2021 में नई दिल्ली में आयोजित रूसी-भारतीय शिखर सम्मेलन के संदर्भ में द्विपक्षीय सहयोग के कुछ मुद्दों को छुआ गया था।''

Fact Check
दावा
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत को यूक्रेन से जंग के बीच हस्तक्षेप पर परिणाम भुगतने की धमकी दी है।
नतीजा
नहीं, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत को यूक्रेन से जंग के बीच हस्तक्षेप पर परिणाम भुगतने की धमकी नहीं दी है।












Click it and Unblock the Notifications